Sensex Nifty Today: नई ऊंचाई पर शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी ने तोड़े पुराने सभी रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेशी कोषों की आवक जारी रहने से घरेलू बाजार की धारणा मजबूत हुई है और सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भी शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.09 फीसदी की तेजी के साथ 494.99 अंक ऊपर पहली बार 46 हजार के ऊपर 46103.50 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.02 फीसदी (136.15 अंक) की तेजी के साथ 13529.10 के स्तर पर बंद हुआ। कोविड-19 वैक्सीन से जुड़ी सकारात्मक खबरों तथा अमेरिका में एक और प्रोत्साहन पैकेज से जुड़े घटनाक्रमों से शेयर बाजारों प्रभावित हुआ।
कब-कब तोड़ा बाजार ने रिकॉर्ड?
मालूम हो कि मार्च में निचले स्तर पर पहुंचने के बाद आठ अक्तूबर को सेंसेक्स 40 हजार के पार 40182 पर पहुंच गया था। इसके बाद पांच नवंबर को सेंसेक्स 41,340 पर बंद हुआ। 10 नवंबर को इंट्राडे में इंडेक्स का स्तर 43,227 पर पहुंचा। 18 नवंबर को 44180 और चार दिसंबर को इसने 45000 का आंकड़ा पार किया।
बीते सप्ताह 929 अंक चढ़ा सेंसेक्स
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 929.83 अंक या 2.10 फीसदी चढ़ा। वहीं निफ्टी में 289.60 अंक या 2.23 फीसदी का उछाल आया। मालूम हो कि सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज यूपीएल, एशियन पेंट्स, आईओसी, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं हिंडाल्को, श्री सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, विप्रो और टाटा स्टील के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
यस बैंक के शेयर में जोरदार उछाल
यस बैंक के शेयरों में पिछले दो दिनों से 10 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। यस बैंक के डेट इंस्ट्रूमेंट की क्रेडिट रेटिंग अपग्रेड होने के बाद इसके शेयरों में तेजी दर्ज की गई। एक्सचेंज को दी गई जानकारी में यस बैंक ने बताया कि ब्रिकवर्क रेटिंग्स ने बैंक के टीयर I सबऑर्डिनेटेड परपेचुअल बॉन्ड्स (Basel II) की रेटिंग बेहतर करके BWRD से बढ़ाकर BWR BB+/स्टेबल कर दिया है। 18.25 के स्तर पर खुलने के बाद आज यस बैंक का शेयर 9.83 फीसदी ऊपर 19 के स्तर पर बंद हुआ। मौजूदा समय में इसका बाजार पूंजीकरण 477.24 अरब रुपये है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज ऑटो, पीएसयू बैंक और मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें बैंक, आईटी, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, फार्मा और मीडिया शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 254.48 अंक (0.56 फीसदी) ऊपर 45862.99 के स्तर पर खुला था। जबकि की शुरुआत 74.60 अंकों की तेजी (0.56 फीसदी) के साथ 13467.60 के स्तर पर हुई थी। इसके बाद कारोबार के दौरान तेजी बरकरार रही और सेंसेक्स-निफ्टी सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए। दोपहर 1.51 बजे सेंसेक्स 426.65 अंक (0.94 फीसदी) ऊपर 46035.16 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 118.75 अंकों की तेजी (0.89 फीसदी) के साथ 13511.70 के स्तर पर था। रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस और इंफोसिस जैसे बड़े शेयरों ने सूचकांक को मजबूती दी।
मंगलवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.40 फीसदी की तेजी के साथ 181.54 अंक ऊपर 45608.51 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.28 फीसदी (37.20 अंक) की तेजी के साथ 13392.95 के स्तर पर बंद हुआ था।