Sensex Today: बाजार में जारी उतार-चढ़ाव, फिर लाल निशान पर पहुंचे सेंसेक्स-निफ्टी
- गुरुवार को शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है।
- कोरोना वायरस की वजह से बाजार में हाहाकार मचा है।
- सेंसेक्स 1755.52 अंक की गिरावट के साथ 27,113.99 के स्तर पर खुला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार भारी गिरावट पर खुला। पिछले कई दिनों से बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। जानलेवा कोरोना वायरस की वजह से बाजार में हाहाकार मचा है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1755.52 अंक यानी 6.08 फीसदी की गिरावट के साथ 27,113.99 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 464.30 अंक यानी 5.48 फीसदी की गिरावट के साथ 8,004.50 के स्तर पर खुला। शेयर बाजार तीन साल के निचले स्तर पर है। दिसंबर 2016 के बाद यह निफ्टी का न्यूनतम स्तर है और सेंसेक्स 37 महीने के निचले स्तर पर है। इस हफ्ते अब तक सेंसेक्स 5000 अंक से अधिक टूट चुका है। एनएसई का निफ्टी 1500 अंक से अधिक फिसला है।
दिनभर के अपडेट्स
2.37 PM – घरेलू शेयर बाजार फिर से लाल निशान पर पहुंच गया है। बीएसई के सेंसेक्स में 278.93 अंक यानी 0.97 फीसदी की गिरावट आई और यह 28,590.58 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 112.35 अंक गिरकर 8,356.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
2.13 PM – भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर पहुंच गए। सेंसेक्स में 413.56 अंक की बढ़त देखी गई और यह 29,283.07 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी की बात करें, तो यह 54.90 अंक की बढ़त के बाद 8,523.70 के स्तर पर पहुंच गया।
12.49 PM – बाजार में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। बीएसई का सेंसेक्स 845.24 अंक यानी 28,024.27 के स्तर पर है। निफ्टी में 240.25 अंक की गिरावट आई और यह 8,228.55 के स्तर पर है।
11.33 AM – शेयर बाजार में थोड़ी रिकवरी देखी जा रही है। सेंसेक्स 585.01 अंक गिरा और यह 28,284.50 के स्तर पर है। एनएसई का निफ्टी 252.55 अंक गिरकर 8,216.25 के स्तर पर है।
11.05 AM – 1175.14 अंक गिरकर सेंसेक्स 27,694.37 पर कारोबार कर रहा है और निफ्टी 382.30 अंक ( -4.50 फीसदी ) गिरकर 8086.50 के स्तर पर है।
10.09 AM – सेंसेक्स में 1655.65 अंक यानी 5.73 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह 27,23.86 के स्तर पर है। निफ्टी 522.90 अंक फिसला और 7,945 के नीचे पहुंचा।
9.26 AM - सेंसेक्स 1809.08 अंक की गिरावट के बाद 27,060.43 पर पहुंचा। निफ्टी 630.80 अंक नीचे 7865.10 पर पहुंचा।
गिरावट के बड़े कारण
- बाजार पर कोरोना का वार - देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। आज 15 नए मामले सामने आए हैं। राजस्थान में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित हैं। चंडीगढ़ में 23 साल की एक लड़की पॉजिटिव पाई गई है, लखनऊ में दो और डॉक्टरों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। पीएम मोदी आज शाम आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। कोरोना के खौफ से बाजार में लगातार गिरावट आ रही है।
- वैश्विक बाजारों का भी पड़ रहा प्रभाव - अमेरिकी शेयर बाजार में भी कोरोना वायरस का खौफ बरकरार है। पिछले कारोबारी दिन अमेरिका के डाउ जोंस, नैस्डैक और एसएंडपी में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई। डाउ जोंस 1,338.46 अंक यानी 6.30 फीसदी टूटकर 19,898.92 अंक पर बंद। एसएंडपी 2,398.10 अंक पर आ गया। इसमें 131.09 अंक यानी 5.18 फीसदी की गिरावट आई। करीब 40 साल के इतिहास में डाउ जोंस और एसएंडपी ने इतनी बड़ी गिरावट नहीं देखी है।
- एजीआर मामला - शेयर बाजारों में गिरावट का एक कारण समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) भी है। एजीआर के मामले में दूरसंचार कंपनियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली, जिससे बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा। उच्च न्यायालय ने फटकार लगाते हुए कहा है कि एजीआर बकाए को लेकर कंपनियां खुद आकलन न करें। इसे अवमानना माना जा सकता है। साथ ही, कोर्ट ने सभी टेलीकॉम कंपनियों के एमडी को जेल भेजने की चेतावनी भी दी है।
- निवेशकों में बढ़ी चिंता - भारत में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के कारण निवेशकों में अपने निवेश को लेकर चिंता बढ़ गई है, जिस कारण बाजार में चौतरफा बिकवाली हो रही है। विदेशी निवेशक भी भारतीय बाजार से लगातार अपना पैसा निकाल रहे हैं। विदेशी निवेशक इस महीने 38,188 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को उन्होंने 5,085.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। मार्च में महीने में अब तक 43,000 करोड़ के शेयर बेच चुके हैं।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
आज सभी शेयर लाल निशान पर खुले। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में पावर ग्रिड, इंफोसिस, एनटीपीसी, सन फार्मा, आईटीसी, एल एंड टी, टीसीएस, बजाज ऑटो, एसबीआई, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, बजाज ऑटो, आदि शामिल हैं।
यस बैंक के शेयर में गिरावट
इस बीच आज यस बैंक के शेयर में भी गिरावट देखने को मिली। यह सुबह 9.56 बजे 8.90 अंक यानी 14.72 फीसदी गिरकर 51.55 के स्तर पर था। शुरुआती कारोबार में यह 61.65 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 60.45 के स्तर पर बंद हुआ था। मधु कपूर द्वारा शेयर बेचने के बाद इसमें गिरावट आई। उन्होंने 161 करोड़ रुपये के 2.5 करोड़ शेयर बेचे हैं। बता दें कि यस बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। आज से यस बैंक ग्राहक अपने खाते से सामान्य लेन-देन कर सकेंगे। बैंक के खाताधारक सभी 1,132 शाखाओं से लेनदेन कर सकेंगे। पिछले सप्ताह आर्थिक संकट से जूझ रहे यस बैंक को उबारने के लिए सरकार ने यस बैंक के पुनर्गठन की योजना अधिसूचित की थी।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सभी सेक्टर्स लाल निशान पर खेले। इनमें ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, मेटल, फार्मा और रियल्टी शामिल हैं।
डॉलर के मुकाबले रुपये में भारी गिरावट
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और घरेलू इक्विटी बाजार में कमजोरी के चलते अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गुरुवार को भारी गिरावट देखी गई और भारतीय मुद्रा 75 के स्तर से नीचे गिर गई। मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बाजार के भागीदार देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर चिंतित हैं और इसका अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ सकता है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया कमजोरी के साथ 74.96 के भाव पर खुला। इसमें आगे गिरावट जारी रही और यह डॉलर के मुकाबले 75.12 के स्तर पर जा पहुंचा। इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले 86 पैसे की भारी गिरावट हुई। रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले 74.26 पर बंद हुआ था।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 1096.15 अंक यानी 3.80 फीसदी की गिरावट के बाद 27,773.36 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 405.50 अंक यानी 4.79 फीसदी की गिरावट के बाद 8,063.30 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 490.75 अंक यानी 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ 31,069.84 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 153.30 अंक यानी 1.71 फीसदी की बढ़त के साथ 9120.35 के स्तर पर खुला था। हालांकि बाद में घरेलू बाजार ने अपनी बढ़त गंवा दी।
बुधवार को 1700 अंक की गिरावट पर बंद हुआ था सेंसेक्स
बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 1709.58 अंक यानी 5.59 फीसदी की गिरावट के बाद 28,869.51 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 498.25 अंक यानी 5.56 फीसदी की गिरावट के बाद 8,468.80 के स्तर पर बंद हुआ था।