लगातार दूसरे दिन बढ़त पर बंद हुआ बाजार, 32000 के ऊपर पहुंचा सेंसेक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 371.44 अंक यानी 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ 32114.52 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 98.60 अंक यानी 1.06 फीसदी की तेजी के साथ 9380.90 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी, बजाज फिन्सर्व, आईसीआईसीआई बैंक, गेल, यूपीएल और टाटा मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं सन फार्मा, आईओसी, एनटीपीसी, नेस्ले, वेदांता लिमिटेड, बजाज ऑटो, कोल इंडिया, एचसीएल टेक, ब्रिटानिया और भारती एयरटेल के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
इंडसइंड बैंक के शेयर में जबरदस्त उछाल
आज इंडसइंड बैंक के शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। यह 17.07 फीसदी यानी 69.55 अंक ऊपर 476.95 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 445 के स्तर पर खुला था जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 407.40 पर बंद हुआ था। बीते वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही (जनवरी से मार्च 2020) में निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक का एकल शुद्ध लाभ 16 फीसदी घटकर 301.74 करोड़ रुपये रह गया। इसके बावजूद इंडसइंड बैंक के शेयर में बढ़त दर्ज की गई।
बढ़त के कारण
- म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की, जिससे शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। केंद्रीय बैंक ने कहा है कि वह सतर्क है और कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को कम करने और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।
- केंद्र सरकार जल्द ही एक और राहत पैकेज की घोषणा कर सकती है। इसकी उम्मीद से निवेशकों ने फिर से बाजार में विश्वास दिखाया है।
- बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) कर्जमुक्ति के लिए राइट्स इश्यू लाने पर विचार कर रही है। राइट्स इश्यू पर अंतिम निर्णय 30 अप्रैल 2020 को बोर्ड मीटिंग के दौरान होगा। इसकी जानकारी आरआईएल ने स्टॉक एक्सचेंज की दी। बोर्ड बैठक में मौजूदा शेयरधारकों को राइट्स के आधार पर इक्विटी शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
वैश्विक बाजारों का हाल
सोमवार को अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.51 फीसदी की बढ़त के साथ 358.51 अंक ऊपर 24,133.80 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 1.11 फीसदी बढ़त के साथ 95.64 अंक ऊपर 8,730.16 पर बंद हुआ। एसएंडपी 1.47 फीसदी बढ़त के साथ 41.74 अंक ऊपर 2,878.48 पर बंद हुआ था। वहीं चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.30 फीसदी गिरावट के साथ 8.50 अंक नीचे 2,807.00 पर बंद हुआ। इसका असर भी घरेलू बाजार पर पड़ा।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी, फार्मा और मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स बढ़त पर बंद हुए। इनमें रियल्टी, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, ऑटो, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज सुबह सेंसेक्स की शुरुआत 0.94 फीसदी की बढ़त के साथ 298.34 अंक ऊपर 32041.42 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 0.98 फीसदी की तेजी के साथ 91.25 अंक ऊपर 9373.55 के स्तर पर खुला था। इसके बाद से ही बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहा। दोपहर 2.34 बजे सेंसेक्स 1 फीसदी की तेजी के साथ 316.54 अंक ऊपर 32059.62 के स्तर पर और निफ्टी 0.91 फीसदी की तेजी के साथ 84.65 अंक ऊपर 9366.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
सोमवार को म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक ने 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की थी, जिससे शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 415.86 अंक यानी 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ 31743.08 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 127.90 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 9282.30 के स्तर पर बंद हुआ था।