RBI की म्यूचुअल फंड कंपनियों को दी गई राहत से झूमा बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में बढ़त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की, जिससे शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 415.86 अंक यानी 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ 31743.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 127.90 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 9282.30 के स्तर पर बंद हुआ।
आरबीआई के एलान से आई तेजी
केंद्रीय बैंक ने कहा है कि वह सतर्क है और कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को कम करने और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। आरबीआई फिक्स रेपो रेट पर 90 दिन की अवधि का एक रेपो ऑपरेशन शुरू करेगा। इससे शेयर बाजार प्रभावित हुआ है। इस सुविधा के तहत, RBI कम दरों पर बैंकों को धन मुहैया कराएगा और बैंक विशेष रूप से म्यूचुअल फंडों की तरलता आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए धन का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त बाजार विश्लेषकों के मुताबिक कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित देशों में लोगों की मृत्यु दर में कमी आई है। इसके बाद वैश्विक बाजारों में हालात थोड़े सुधरे हैं और इसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर भी देखा गया है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज ब्रिटानिया, बजाज फिन्सर्व, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंडाल्को, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, यूपीएल और नेस्ले हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एम एंड एम, डॉक्टर रेड्डी, ग्रासिम, भारती एयरटेल, आईओसी और आईटीसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स बढ़त पर बंद हुए। इनमें रियल्टी, आईटी, मीडिया, मेटल, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, ऑटो, फार्मा, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज सुबह 9.16 बजे सेंसेक्स की शुरुआत 513.21 अंक यानी 1.64 फीसदी की तेजी के साथ 31840.43 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 125.05 अंक यानी 1.37 फीसदी की बढ़त के साथ 9279.45 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 2.40 बजे बीएसई के इंडेक्स सेंसेक्स में 446 अंकों की तेजी देखी गई। इसके बाद यह 31793.22 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 148.85 अंक बढ़कर 9303.25 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 535.86 अंक यानी 1.68 फीसदी की गिरावट के साथ 31327.22 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 159.50 अंक यानी 1.71 फीसदी की गिरावट के साथ 9154.40 के स्तर पर बंद हुआ था।