Sensex, Nifty Today: लाल निशान पर खुला बाजार पर 374 अंक सुधरा सेंसेक्स, निफ्टी भी 109 अंक चढ़ा
- शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स करीब 375 अंक उछलकर बंद हुआ।
- आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक बैंक की अगुवाई में यह तेजी आई।
विस्तार
शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स करीब 375 अंक उछलकर बंद हुआ। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सूचकांक में मजबूत स्थिति रखने वाले आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक बैंक की अगुवाई में यह तेजी आई।
पहले 501 अंक लुढ़का सेंसेक्स
30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरू में 501 अंक लुढ़क गया था। इस नुकसान से उबरते हुए सेंसेक्स अंत में 374.87 अंक की बढ़त के साथ 48,080.67 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109.75 अंक यानी 0.77 प्रतिशत मजबूत होकर 14,406.15 अंक पर बंद हुआ।
बैंकों के शेयर लाभ में रहे
सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में आईसीआईसीआई बैंक रहा। इसमें 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, कोटक बैंक और बजाज फाइनेंस में भी तेजी रही। टाइटन, एचयूएल, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा और नेस्ले इंडिया आदि में गिरावट दर्ज की गयी।
Sensex rebounds 374.87 pts to end at 48,080.67; Nifty jumps 109.75 pts to 14,406.15
— Press Trust of India (@PTI_News) April 22, 2021
टीकाकरण का असर
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, 'कोविड मामलों में तेजी से वृद्धि के बावजूद शेयर बाजारों में मजबूती का कारण निवेशकों की नजर टीकाकरण व्यापक स्तर पर शुरू किए जाने पर है।' रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख और वित्तीय कंपनियों के शेयरों की मांग से बाजार में तेजी आई। दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों और आईटी कंपनियों को छोड़कर ज्यादातर खंडवार सूचकांकों में तेजी रही। पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद औषधि कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई।
एशियाई बाजारों में गिरावट
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, सोल और तोक्यो लाभ में रहे जबकि शंघाई बाजार में गिरावट दर्ज की गई। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में तेज का रुख रहा।
रुपया छह पैसे लुढ़का
उधर विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे कमजोर हुआ। बाजार बंद होते वक्त डॉलर के भाव 74.94 रुपये रहे।
कच्चा तेल 65 डॉलर पर
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।