Sensex Closing Bell: लगातार पांचवें दिन बाजार हरे निशान पर बंद, सेंसेक्स 809 अंक चढ़ा, निफ्टी 24700 के पार
Sensex Closing Bell: 30 शेयरों वाला बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स 809.53 अंक या 1 प्रतिशत बढ़कर 81,765.86 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 1,361.41 अंक या 1.68 प्रतिशत बढ़कर 82,317.74 पर पहुंच गया, लेकिन निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के कारण बंद होने से पहले के सत्र में बढ़त कम हो गई। आइए जानें बाजार विस्तृत हाल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आरबीआई की नीति समीक्षा की घोषणा से एक दिन पहले गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में लगातार पांचवें दिन बढ़त दर्ज की गई और यह 809 अंक चढ़ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स 809.53 अंक या 1 प्रतिशत बढ़कर 81,765.86 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 1,361.41 अंक या 1.68 प्रतिशत बढ़कर 82,317.74 पर पहुंच गया, लेकिन निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के कारण बंद होने से पहले के सत्र में बढ़त कम हो गई। रुपया सर्वकालिक निम्नतम स्तर से उबरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे बढ़कर 84.72 (अनंतिम) पर बंद हुआ।
एनएसई निफ्टी 240.95 अंक या 0.98 प्रतिशत बढ़कर 24,708.40 पर पहुंच गया। विश्लेषकों ने कहा कि आईटी शेयरों में खरीदारी और अमेरिकी बाजारों में तेजी के चलते बेंचमार्क सूचकांकों ने पांचवें दिन भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन, इंफोसिस, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा में सर्वाधिक लाभ रहा। एनटीपीसी और एशियन पेंट्स पिछड़ गए।
जानकारों के अनुसार, "डॉव का पहली बार 45,000 के पार जाना अमेरिकी बाजार की तेजी की मजबूती का सूचक है। अमेरिका में वृहद परिस्थितियां - मजबूत वृद्धि और घटती मुद्रास्फीति - इस तेजी को समर्थन दे रही हैं।"
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा, "फेड प्रमुख पॉवेल की कल की टिप्पणी कि 'अर्थव्यवस्था उल्लेखनीय रूप से अच्छी स्थिति में है' अमेरिकी तेजड़ियों के लिए एक उत्साहवर्धक बात है।" बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.27 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़ा। बीएसई में 2,141 शेयरों में तेजी रही, 1,825 में गिरावट आई तथा 117 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
क्षेत्रीय सूचकांकों में बीएसई फोकस्ड आईटी में सबसे अधिक 1.96 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि टेक में 1.92 प्रतिशत, आईटी में 1.81 प्रतिशत तथा दूरसंचार में 0.95 प्रतिशत की तेजी आई। बैंकेक्स (0.68 प्रतिशत) तथा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (0.66 प्रतिशत) में भी तेजी आई।
बीएसई सेवाएं और रियल्टी क्षेत्र पिछड़ गए। पिछले पांच कारोबारी दिनों में बीएसई बेंचमार्क 2,722.12 अंक या 3.44 प्रतिशत उछला है। विश्लेषकों का कहना है कि एफआईआई का खरीदार बनना बाजारों के लिए सकारात्मक है, खासकर लार्जकैप के लिए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,797.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता वाली आरबीआई मौद्रिक नीति समिति शुक्रवार को अपनी नीति समीक्षा की घोषणा करेगी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "बाजार में हाल की तेजी में आरबीआई से संभावित समर्थन का भी योगदान है, जिससे शुक्रवार के नतीजों पर बाजार की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि आईटी और बैंकिंग क्षेत्र सूचकांक को ऊपर ले जाने में लगे हुए हैं, लेकिन इस तेजी को जारी रखने के लिए व्यापक क्षेत्रीय भागीदारी आवश्यक होगी।"
एशियाई बाजारों में टोक्यो और शंघाई में तेजी रही जबकि सियोल और हांगकांग में गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में तेजी रही। बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.53 प्रतिशत बढ़कर 72.68 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
बुधवार को बीएसई का सूचकांक 110.58 अंक या 0.14 प्रतिशत चढ़कर 80,956.33 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 10.30 अंक या 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,467.45 अंक पर बंद हुआ।