Sensex Closing Bell: छह दिनों की रिकॉर्ड बढ़त के बाद फिसला बाजार, सेंसेक्स 887 अंक टूटा, निफ्टी 19750 से नीचे
Sensex Closing Bell: शुक्रवार को सेंसेक्स 887.64 (1.31%) अंकों की गिरावट के साथ 66,684.26 अंकों के लेवल पर बंद हुआ, वहीं दूसरी ओर निफ्टी 234.15 (1.17%) अंक फिसलकर 19,745 के स्तर पर बंद हुआ।
विस्तार
बीते छह दिनों से जारी रिकॉर्ड बढ़त के बाद हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई। शुक्रवार को सेंसेक्स 887.64 (1.31%) अंकों की गिरावट के साथ 66,684.26 अंकों के लेवल पर बंद हुआ, वहीं दूसरी ओर निफ्टी 234.15 (1.17%) अंक फिसलकर 19,745 के स्तर पर बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में चार प्रतिशत जबकि रिलायंस के शेयरों में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को इंट्राडे कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1000 अंकों तक की गिरावट दर्ज की गई।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार बंद होने के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल
शुक्रवार को निफ्टी के टाॅप गेनर्स और टाॅप लूजर्स शेयर ये रहे
रिलायंस जियो जून तिमाही में शुद्ध लाभ 12 फीसदी बढ़ा
रिलायंस जियो ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल से जून के बीच की तिमाही में रिलायंस जियो का शुद्ध लाभ 12.1 फीसदी बढ़कर 4,863 करोड़ रुपये हो गया। साल भर पहले इसी तिमाही कंपनी का शुद्ध मुनाफा 4,335 करोड़ रुपये था। रिलायंस जियो ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को पहली तिमाही के नतीजों की सूचना दी। रिलायंस द्वारा जारी नतीजों के अनुसार जून तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 24,127 करोड़ रुपये हो गई जबकि साल भर पहले की समान अवधि में यह 21,995 करोड़ रुपये थी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा 11 फीसदी घटकर 16011 करोड़ रुपये हुआ
तेल से केमिकल (ओटूसी) कारोबार में कमजोरी और ऊंची ब्याज दर के कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआईएल) का मुनाफा अप्रैल-जून तिमाही में 11 फीसदी घटकर 16,011 करोड़ या प्रति शेयर 23.66 रुपये रहा है। एक साल पहले यह 17,955 करोड़ रुपये था। कंपनी पर कुल 1.26 लाख करोड़ रुपये का कर्ज रहा है। मार्च तिमाही में इसका लाभ 19,299 करोड़ रहा था। कच्चे तेल की कीमतें और मार्जिन घटने से कंपनी का राजस्व 2.22 लाख करोड़ से घटकर 2.1 लाख करोड़ रुपये रहा। चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, रिलायंस का मजबूत परिचालन व वित्तीय प्रदर्शन हमारे व्यवसायों के के लचीलेपन को दर्शाता है।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 600 अरब डॉलर के पार पहुंचा
भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.743 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 609.022 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है, जो हाल के समय में सबसे मजबूत साप्ताहिक उछाल में से एक है। पिछले सप्ताह में, कुल भंडार 1.23 बिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 596.28 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया था।