सात महीने के उच्चतम स्तर पर रुपया, सेंसेक्स छह महीने बाद फिर पहुंचा 38 हजार के पार
- रुपये में मजबूती और विदेशी निवेश बढ़ने से पूरे सप्ताह रही बाजार में तेजी
- 269 अंक चढ़कर सेंसेक्स 38,024 के स्तर पर बंद हुआ
- 84 अंक की उछाल के साथ निफ्टी 11,400 के पार हुआ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चुनाव घोषणा के बाद उत्साहित निवेशकों का साथ पाकर सेंसेक्स छह महीने बाद फिर 38 हजार के पार पहुंच गया है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 269 अंक चढ़कर 38,024 की ऊंचाई पर जा पहुंचा। कारोबार के दौरान निफ्टी में भी उछाल आया और वह 11,400 के स्तर को पार कर गया।
बैंकिंग और अन्य शेयरों में निवेशकों की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में ही 200 अंक की उछाल पा चुका था। एक समय तो यह 500 अंकों से ज्यादा की बढ़त पर कारोबार कर रहा था। बाद में गिरावट आई और 269 अंक बढ़ते हुए सेंसेक्स छह महीने बाद फिर 38 हजार के पार जाते हुए 38,024 पर बंद हुआ।
इससे पहले सेंसेक्स 14 सितंबर, 2018 को 38,091 के स्तर पर पहुंचा था। इसी तरह, निफ्टी 83.60 अंक चढ़कर 11,427 पर जा पहुंचा। इस सप्ताह सभी पांच कारोबारी दिवस पर शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ है।
बैंकिंग शेयरों ने बनाया रिकॉर्ड
इस महीने बैंकिंग शेयरों में लगातार उछाल दिखा है, जो शुक्रवार को भी जारी रहा। बीएसई पर सरकारी बैंकों के शेयरों में 513 जबकि निजी बैंकों में 177 अंकों की बढ़त दिखी। सबसे ज्यादा लाभ कोटक बैंक को हुआ, जिसके शेयर 4.31 फीसदी चढ़ गए। बैंक निफ्टी तो रिकॉर्ड बनाते हुए 29,456 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया। इसके अलावा ऊर्जा और आईटी के शेयरों में भी उछाल दिखा।
भारतीय बाजार सबसे आगे
वैश्विक बाजारों के मुकाबले इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में सबसे ज्यादा तेजी रही। बैंक निफ्टी और सेंसेक्स के शेयरों को सबसे ज्यादा बढ़त मिली। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स कुल 1,353 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में 392 अंकों की बढ़त रही।
पांच कारणों से मिली उछाल
- -विदेशी निवेश में लगातार इजाफा हो रहा, बृहस्पतिवार को एफपीआई ने 1,483 करोड़ डाले।
- -ओपिनियन पोल में मोदी सरकार की वापसी के संकेतों से निवेशकों का उत्साह चढ़ा है।
- -डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार आ रही मजबूती।
- -फेड रिजर्व के ब्याज दर नहीं बढ़ाने और ब्रेग्जिट की डेडलाइन बढ़ने से राहत मिली।
- -कई बैंकों के पीसीए से बाहर निकलने पर इस सेक्टर में मजबूती आई है।
रुपया भी 69 के करीब पहुंचा
डॉलर के मुकाबले रुपये में पूरे सप्ताह तेजी दिखाई दी और शुक्रवार को यह 69 के करीब पहुंच गया। इस दौरान रुपये में 24 पैसे की तेजी आई और 69.10 के स्तर पर बंद हुआ। यह रुपये का सात महीने का सबसे उच्च स्तर है।
कारोबार के दौरान एक समय रुपया 69.03 तक पहुंच गया था। इस पूरे सप्ताह रुपये में डॉलर के मुकाबले 104 पैसे की तेजी आई है। घरेलू मुद्रा को एफपीआई निवेश के साथ क्रूड ऑयल की कीमतों में स्थिरता का भी लाभ मिला है।
कमजोर मांग से 260 रुपये गिरा सोना
स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से सोने की हल्की मांग रहने के कारण शुक्रवार को सराफा बाजार में सोना 260 रुपये गिरकर 33,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग में कमी आने से चांदी भी 130 रुपये की गिरावट के साथ 39,170 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
व्यापारियों के अनुसार, स्थानीय आभूषण विक्रेताओं द्वारा लिवाली से सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई। हालांकि, विदेश में सकारात्मक रुख ने गिरावट को रोक दिया। न्यूयॉर्क में सोना 1,303.18 डॉलर प्रति औंस और चांदी 15.35 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही।