पहली बार 1,000 के पार पहुंचा IRCTC का शेयर, सेंसेक्स-निफ्टी में भी बढ़त
- दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ।
- सेंसेक्स 59.83 अंकों की बढ़त के बाद 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ।
- आईआरसीटीसी का शेयर पहली बार 1,000 के ऊपर बंद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 59.83 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के बाद 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.95 अंक यानी 0.09 फीसदी की बढ़त के बाद 12,356.25 के स्तर पर बंद हुआ। आज पहली बार इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) का शेयर 1,000 के ऊपर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो गुरुवार को नेस्ले इंडिया, जी लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, ब्रिटानिया, रिलायंस, पावर ग्रिड और यस बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एनटीपीसी, इंफ्राटेल, जेएसडब्ल्यू स्टील, गेल, टाटा स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स, बीपीसीएल और टेक महिंद्रा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
पहली बार 1,000 के पार पहुंचा IRCTC का शेयर
आईआरसीटीसी का शेयर गुरुवार को पहली बार 1,000 के पार पहुंचा। इसमें 21.95 अंक यानी 2.23 फीसदी की बढ़त आई, जिसके बाद यह 1,007.35 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 984.80 के स्तर पर खुला था। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 985.40 के स्तर पर बंद हुआ था। 19 जनवरी से मुंबई से अहमदाबाद के बीच दूसरी तेजस एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन के लिए बुकिंग भी शुरू हो चुकी हैं और इसका संचालन आईआरसीटीसी करेगी। इसकी वजह से इसके शेयर में यह इजाफा हुआ है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें पीएसयू बैंक, रियल्टी, फार्मा, मीडिया, एफएमसीजी, आईटी, प्राइवेट बैंक और ऑटो शामिल हैं।
शुरुआती कारोबार में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स 32.98 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 41,905.71 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 9.70 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 12,353 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार के खुलते ही सेंसेक्स पहली बार 42,000 पर पहुंच गया था। इसमें 134.58 अंकों की तेजी आई थी। वहीं निफ्टी 32.35 अंकों की तेजी के बाद 12,375.65 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
बुधवार को 41,872.73 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
बुधवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 79.90 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के बाद 41,872.73 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 19 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के बाद 12,343.30 के स्तर पर बंद हुआ था।