3.25 गुना सब्सक्राइब हुआ IRCTC का आईपीओ, निवेश करना है इसलिए फायदेमंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) दूसरे दिन यानी मंगलवार को 3.25 गुना सब्सक्राइब हो गया। आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे दिन दोपहर 12 बजे तक के 2.85 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी ने 645 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ के तहत करीब दो करोड़ शेयरों की पेशकश की है। इस आईपीओ के लिए 315-320 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया है।
इससे पहले सोमवार को कंपनी का आईपीओ 81 फीसदी सब्सक्राइब हुआ था। इस निर्गम में 1,60,000 शेयर पात्र कर्मचारियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। बुधवार को गांधी जयंती के अवसर पर शेयर बाजार में अवकाश रहने के कारण अब तीन अक्तूबर को इसको खरीदा जा सकेगा।
यह आईपीओ सोमवार यानी 30 सितंबर को खुला है जो 3 अक्टूबर को बंद होगा। आईपीओ के जरिए 635.04-645.12 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। सोमवार को शाम पांच बजे तक इस आईपीओ को 81 फीसदी लोगों ने सब्सक्राइब कर लिया था। कुल दो करोड़ से अधिक शेयरों में से 1.32 करोड़ शेयरों के लिए बोली लग चुकी थी। ग्रे मार्केट में इस बार यह आईपीओ 50 फीसदी ज्यादा मूल्य पर बेचा जा रहा है।
इसलिए लेना है फायदेमंद
ड्राफ्ट रेड हैरिंग प्रोस्पेक्टस के अनुसार आईआरसीटीसी अकेली ऐसी कंपनी है, जिसे भारतीय रेलवे ने कैटरिंग सेवा, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और बोतलबंद पानी की सप्लाई के लिए अधिकृत किया हुआ है। आईआरसीटीसी अपने शेयरों को बीएसई और एनएसई पर लिस्टेड करेगी।
ब्रोकरेज हाउस एंजेल ब्रोकिंग का कहना है कि हाल ही में सरकार द्वारा टैक्स घटाकर 25.2 फीसदी किए जाने और ऑनलाइन टिकटिंग के लिए सेवा शुल्क से राजस्व में बढ़ोत्तरी से कंपनी के मुनाफे में काफी सुधार होगा। कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है कि बहुत बड़े पैमाने पर ग्राहकों को दिए जाने वाले खानपान व्यवसाय को मजबूती दे, जिस पर अभी सवाल उठते हैं।
इतना रहा कंपनी का मुनाफा
वित्त वर्ष 2018-19 में कंपनी का कुल राजस्व 1,956.66 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 272.60 करोड़ रुपये रहा था। उसके ऊपर कोई कर्ज नहीं है। कंपनी की शेयर पूंजी 160 करोड़ रुपये और नेट वर्थ 1,042.84 करोड़ रुपये है।
40 इक्विटी शेयरों के लिए न्यूनतम बोली
एक लॉट 40 इक्विटी शेयरों का है। न्यूनतम बोली 40 इक्विटी शेयरों के लिए हो रही है। रिटेल निवेशक अधिकतम 16 लॉट खरीद सकते हैं। कंपनी ने 315 से 320 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी ने खुदरा श्रेणी के निवेशकों और पात्र कर्मचारियों के लिए आधार मूल्य पर प्रति शेयर 10 रुपये की छूट की पेशकश की है। यानी छूट के बाद आईआरसीटीसी आईपीओ का दाम 305 से 310 रुपये होगा।