वैश्विक तेजी से सोना 39200 के पार, चांदी 943 रुपये उछली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैश्विक बाजार में कीमतों में उछाल से मंगलवार को सोने-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला। जहां सोना एक बार फिर से 39200 के पार चला गया, वहीं चांदी में 943 रुपये का उछाल देखने को मिला। दिल्ली सराफा बाजार में सोना 191 रुपये महंगा होकर 39,239 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। गौरतलब है कि सोना सोमवार को 39,048 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी भी 943 रुपये महंगी होकर 47,146 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही। गौरतलब है कि चांदी पिछले सत्र में 46,203 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों की लिवाली बढने से चांदी के भाव में यह तेजी दर्ज की गई है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि क्रिसमस से पहले त्योहारी मांग बढ़ने और वैश्विक बाजार में कीमतों में उछाल से दिल्ली में 24 कैरेट सोना का भाव 191 रुपये चढ़ गया। न्यूयॉर्क में सोना 1,491 डॉलर प्रति औंस रहा, जबकि चांदी 17.60 डॉलर प्रति औंस रही। सोना सोमवार को 39,048 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा था।
कच्चे तेल में तेजी से रुपया नौ पैसे गिरा
घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी से मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे गिरकर 71.27 पर बंद हुआ। फॉरेक्स कारोबारियों ने कहा कि रुपया एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था। लेकिन सरकार के अपने विनिवेश लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम नहीं होने संबंधी रिपोर्ट आने के बाद रुपये में गिरावट देखी गई। अंतरबैंकिंग मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोरी के साथ 71.22 पर खुला और 71.15 एवं 71.29 के दायरे में रहा। आखिर में यह नौ पैसे कमजोर होकर 71.27 पर बंद हुआ। डॉलर के मुकाबले घरेलू मुद्रा सोमवार को 71.18 पर बंद हुई थी।