Gold Silver Price: सोना 119 रुपये बढ़कर ₹110298 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, जानें सर्राफा बाजार का हाल
Gold Silver Price: सोने की कीमत मंगलावर को 119 रुपये बढ़कर 1,10,298 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में तेजी बनी रही, क्योंकि व्यापारियों ने 17 सितंबर को फेड द्वारा नीतिगत निर्णय में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद जताई थी।
विस्तार
घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 119 रुपये बढ़कर 1,10,298 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गई। मजबूत वैश्विक संकेतों के कारण निवेशकों ने इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से पहले अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
ये भी पढ़ें: GST: खुदरा सप्लाई चेन जीएसटी सुधारों से मिली छूटों का प्रमुखता से विज्ञापन करें, वाणिज्य मंत्रालय का निर्देश
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अक्टूबर डिलीवरी वाले सोना वायदा अनुबंध का भाव 0.10 प्रतिशत बढ़ा। पिछले सत्र में यह अनुबंध 1,10,330 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर को छू गया था। इसी प्रकार, एमसीएक्स पर दिसंबर अनुबंध 109 रुपये बढ़कर 1,11,346 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। यह सोमवार को 1,11,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया था।
व्यापारियों को फेड के फैसलों से थी उम्मीद
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में तेजी बनी रही, क्योंकि व्यापारियों ने 17 सितंबर को फेड द्वारा नीतिगत निर्णय में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद जताई थी। साथ ही वे वर्ष के बाकी समय में आगे भी मौद्रिक नीति में ढील के संकेतों की उम्मीद कर रहे थे।
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं ने सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ाई
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दिसंबर डिलीवरी के लिए सोने का वायदा भाव 3,728.32 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। यह अमेरिका की ढीली मौद्रिक नीति की उम्मीदों और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित-संपत्तियों की निरंतर मांग से प्रेरित था।
एक विशेषज्ञ ने कहा कि हाल के हफ्तों में सोने में निवेशकों की गहरी दिलचस्पी देखी गई है और घरेलू व विदेशी बाजारों में कीमतें कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी हैं। व्यापारियों का कहना है कि उच्च स्तर पर कुछ मुनाफावसूली की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन कुल मिलाकर रुझान सकारात्मक बना हुआ है।
आईबीजेए का दावा
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) ने दावा किया है कि 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,029 रुपए बढ़कर 1,10,540 पर पहुंच गया है। वहीं चांदी भी 1,198 रुपए बढ़कर 1,28,989 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।