Gold Silver Price: सोना 140 रुपये बढ़कर 88000 रुपये के स्तर पर पहुंचा, चांदी 800 रुपये मजबूत हुई
Gold Silver Price: वैश्विक बाजार में मजबूत रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने का भाव 140 रुपये बढ़कर 88,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।चांदी की कीमत भी गुरुवार को 800 रुपये बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। आइए जानें, सर्राफा बाजार का पूरा हाल।
विस्तार
वैश्विक बाजार में मजबूत रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने का भाव 140 रुपये बढ़कर 88,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोना का भाव 87,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव गुरुवार को 140 रुपए बढ़कर 87,700 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि पहले इसका भाव 87,560 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
दो दिनों की गिरावट के बाद सोने में लौटी तेजी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "सोने में हाल की गिरावट से सुधार हुआ है और गुरुवार को इसमें तेजी दर्ज की गई, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा शीघ्र ही लागू किए जाने वाले टैरिफ की कई विघटनकारी घोषणाओं के कारण निवेश की मांग बरकरार है।"
चांदी की कीमत भी गुरुवार को 800 रुपये बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 97,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। गांधी ने कहा कि निवेशकों को चिंता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के व्यापार शुल्क से वैश्विक व्यापार युद्ध छिड़ सकता है, इससे सोने जैसी सुरक्षित धातुओं के लिए अनुकूल स्थिति बनी है। एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 364 रुपये की तेजी के साथ 85,845 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों के बाद सोने की कीमतों में दिखी चाल
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "अमेरिकी सीपीआई (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) आंकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि नहीं होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की तत्काल आवश्यकता नहीं होने के संकेत के बावजूद सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी आई।"
त्रिवेदी ने कहा कि सोने की सुरक्षित निवेश अपील इसकी मजबूती को समर्थन दे रही है, जिससे व्यापक तेजी की भावना बरकरार है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी वायदा भाव 191 रुपये बढ़कर 95,693 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।
विदेशी बाजारों में अप्रैल डिलीवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 15.90 डॉलर प्रति औंस बढ़कर 2,944.60 डॉलर प्रति औंस हो गया। इस बीच, हाजिर सोना भी 12.72 डॉलर प्रति औंस या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 2,916.76 डॉलर प्रति औंस हो गया। हालांकि, एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 32.77 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर ढंग से कारोबार करता दिखा। कोटक सिक्योरिटीज के कमोडिटी रिसर्च के एवीपी कायनात चैनवाला के अनुसार, निवेशक उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) डेटा का भी इंतजार कर रहे हैं, जो मौद्रिक नीति और सर्राफा कीमतों पर आगे के मार्गदर्शन के लिए गुरुवार को जारी किया जाएगा।