#नोटबंदी 21वां दिन: एपल ने तीन ही दिन में बेच लिए एक लाख आईफोन
नोटबंदी से जहां आम जनता परेशान है, वहीं कुछ कंपनियों की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इसमें दुनिया की नंबर एक फोन निर्माता एपल भी शामिल है। दरअसल आठ नवंबर के बाद भारत में आईफोन की बिक्री में अचानक तेजी दर्ज की गई।
केवल 9 नवंबर से 11 नवंबर के बीच ही कंपनी ने एक लाख से ज्यादा आईफोन बेच लिए हैं। ग्राहक बैन किए हुए नोट लेकर दुकानों की तरफ रुख कर रहे हैं और आईफोन की खरीदारी कर रहे हैं।
खबरों के मुताबिक आईफोन विक्रेता पुराने डेट के बिल बनाकर ग्राहकों को फोन दे रहे हैं। गौरतलब है कि नोटबंदी के बाद सोने की बिक्री में अचानक तेजी दर्ज की गई थी और अब यह आईफोन के साथ हो रहा है।
सेल के चलते पूरे हुए टारगेट
लोग बैन करार दिए गए नोटों को खपाने के लिए महंगे फोन खरीदने लगे, जिसका परिणाम यह हुआ कि एपल एक मात्र ऐसी कंपनी रही जिसने नवंबर महीने में अपने फोन बेचने के टारगेट को हासिल कर लिया।
नोटबंदी के फैसले के बाद आईफोन के लिए कैश ऑन डिलीवरी ऑप्शन को बंद कर दिया गया था जिसकी वजह से बिक्री में कमी देखी गई लेकिन मोबाइल स्टोर्स पर बढ़ते हुए भीड़ को देखकर आईफोन विक्रेता अचंभित हैं।
एक आईफोन विक्रेता के अनुसार आईफोन 7 और आईफोन 7 प्लस भारत में फिलहाल सबसे महंगे स्मार्टफोन्स में शुमार है लेकिन इसके बावजूद लोग खुद के लिए भी एक से ज्यादा हैंडसेट्स खरीद रहे हैं। कुछ का कहना है कि वो इस फोन को इसलिए खरीद रहे हैं ताकि वो लोगों को गिफ्ट कर सकें।