Viral Video: 20 रुपये की पानी की बोतल पर उठाई आवाज, फिर ट्रेन में शुरू हुआ ऐसा ड्रामा कि बीच रास्ते उतरना पड़ा
यात्री सरफराज जैन ने आरोप लगाया कि ट्रेन में पानी और कोल्ड ड्रिंक तय कीमत से अधिक दाम पर बेची जा रही थीं। शिकायत करने के बाद उन्होंने दावा किया कि उनका पीछा किया गया, उन्हें बदनाम करने की कोशिश हुई और लुधियाना स्टेशन पर ट्रेन से उतारने का भी प्रयास किया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने जांच और संबंधित वेंडर पर कार्रवाई की बात कही।
विस्तार
ट्रेन में यात्रा के दौरान खाने-पीने की चीजें निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचे जाने की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। कई यात्री इसकी शिकायत रेलवे से करते हैं और कई मामलों में कार्रवाई भी होती है। हालांकि, एक यात्री ने दावा किया है कि ओवरचार्जिंग की शिकायत करना उनके लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया, उनका पीछा किया गया और यहां तक कि ट्रेन से उतारने की भी कोशिश की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यात्री सरफराज जैन के अनुसार सफर के दौरान ट्रेन में पानी और कोल्ड ड्रिंक तय कीमत से अधिक दाम पर बेची जा रही थीं। उनका कहना है कि 14 रुपये की लोकल पानी की बोतल के लिए उनसे 20 रुपये मांगे गए, जबकि 40 रुपये कीमत वाली मैंगो कोल्ड ड्रिंक 50 रुपये में बेची जा रही थी। उन्होंने इस पूरे मामले का वीडियो रिकॉर्ड किया और तुरंत रेलवे से शिकायत दर्ज करा दी।
मामला और हो गया गंभीर
सरफराज का दावा है कि शिकायत होते ही वेंडर घबरा गया और अपने मैनेजर के पास पहुंच गया। लेकिन इसके बाद मामला खत्म होने के बजाय और गंभीर हो गया। उनके मुताबिक अगले स्टेशन जालंधर पर पहले हटाए जा चुके एक पूर्व ट्रेन मैनेजर ने ट्रेन में प्रवेश किया और उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
आज 22430 PTK–Delhi Express में अमृतसर से नई दिल्ली की यात्रा के दौरान ₹40 की Maaza ₹50 में और ₹14 MRP का नकली/लोकल पानी ₹20 में बेचा जा रहा था। मैंने इसका वीडियो बनाकर शिकायत की तो वेंडर भागकर अपने मैनेजर के पास गया। इसके बाद जालंधर से पहले हटाया जा चुका पूर्व मैनेजर ट्रेन… pic.twitter.com/5kNZQVFOMP
— Sarfaraz Zain (@SarfarazZain01) August 5, 2026
यात्री ने लगाए ये आरोप
यात्री का आरोप है कि उस व्यक्ति ने दूसरे यात्रियों के सामने उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की। सरफराज के मुताबिक उन पर यह आरोप लगाया गया कि उन्होंने फेसबुक से उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर निकालकर उसे गालियां दी हैं। उनका कहना है कि यह दावा पूरी तरह झूठा था और केवल उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ यात्रियों को उनके खिलाफ भड़काने की कोशिश की गई।
ट्रेन से उतारने की कोशिश की
सरफराज ने बताया कि लुधियाना स्टेशन पर उन्हें जबरदस्ती ट्रेन से उतारने का प्रयास भी किया गया, जबकि उनके पास नई दिल्ली तक का वैध टिकट था। हालांकि ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने उनका समर्थन किया, जिससे स्थिति ज्यादा नहीं बिगड़ी। इसके बावजूद उन्होंने खुद को असुरक्षित महसूस किया और सरहिंद स्टेशन पर यात्रा बीच में ही समाप्त करने का फैसला किया। वहां से वे बस के जरिए अंबाला पहुंचे और बाद में दूसरी ट्रेन से नई दिल्ली रवाना हुए।
रेलवे ने दिया यह जवाब
अब सरफराज ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज, स्टाफ के बयान और उपलब्ध वीडियो की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। साथ ही जिन लोगों ने कथित तौर पर उन्हें डराने या परेशान करने की कोशिश की, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। जम्मू डिवीजन के रेलवे अधिकारियों ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। साथ ही अधिकारियों ने यात्री को हुई असुविधा पर खेद भी जताया।