Bihar: खड़े युवक को पुलिस की गाड़ी ने मारी टक्कर, गंभीर घायल को छोड़ भागे पुलिसकर्मी; ग्रामीणों ने जाम की सड़क
Darbhanga Hindi News: दरभंगा से पुलिस की गाड़ी द्वारा सड़क किनारे खड़े एक युवक को टक्कर मारकर भागने का मामला सामने आया है। हादसे में गंभीर घायल हुए युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस के रवैए से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया है। जानें पूरा मामला...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के दरभंगा में सड़क किनारे खड़े युवक को पुलिस की गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी युवक को टक्कर मारने के बाद भाग रही थी। इस दौरान किसी ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो पुलिस की गाड़ी से तीन जवान उतरे और घायल युवक को रिक्शा पर लादकर पास के निजी क्लिनिक पर पहुंचा कर फरार हो गए। यह घटना कुशेश्वरस्थन फुलतोड़ा सड़क पर तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र के अर्थुआ व गोलमा गांव के बीच गोरधर टोला के पास घटी। वहीं, स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराने के बाद युवक को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना में घायल युवक की पहचान खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के चैरीचौरा पंचायत के भराठ निवासी सहेशवर महतो के बेटे सोनू कुमार महतो (24) के रूप में की गई है। घायल का लोगों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराकर उसके परिजनों को सूचना दी। उसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया में रेफर कर दिया गया।
पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी ने युवक को मारी टक्कर
दरअसल, सोनू कुमार बाइक से अपने ननिहाल सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के भाव गांव जा रहा था। दूसरी बाइक से उसकी भाभी सचिना देवी भी साथ जा रही थी। इसी दौरान अरथुआ और गोलमा गांव के बीच गोरधर टोला के पास वह सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर पीछे से आ रही भाभी के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से गोलमा गांव की तरफ से आ रही पुलिस गाड़ी सोनू को टक्कर मारते हुए निकल गई। गाड़ी की टक्कर से सोनू सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीण चिकित्सक के पास घायल को छोड़कर भागे पुलिसकर्मी
सोनू को यूं ही छोड़कर भाग रही पुलिस की गाड़ी को देखकर मौके पर मौजूद एक महिला चिल्लाने लगी। इसके बाद कुछ दूर जाकर पुलिस की गाड़ी रुकी। उससे तीन पुलिसकर्मी बाहर निकलकर आए और घायल युवक को ई-रिक्शा से गोलमा तक ले गए। फिर ग्रामीण चिकित्सक के क्लिनिक पर पहुंचाकर गाड़ी लेकर भाग गए।
खगड़िया के अस्पताल में करवाया गया भर्ती
ग्रामीण चिकित्सक ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार कर उसे रेफर कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सोनू के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजन और ननिहाल के लोगों ने उसे खगड़िया में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सक ने युवक को पटना रेफर कर दिया, पर परिजनों ने उसे खगड़िया के ही एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। युवक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद अरथुआ और गोलमा गांव के लोगों ने अलग-अलग सड़क जाम कर यातायात ठप कर दिया। पुलिस गाड़ी की पहचान नहीं हो पाई है कि वह गाड़ी किस थाने की थी। करीब डेढ़ घंटे के बाद तिलकेश्वर ओपी पुलिस जाम स्थल पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। गाड़ी के बारे में पूछे जाने पर तिलकेश्वर ओपी अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि गाड़ी तिलकेश्वर ओपी की नहीं थी।