बिहार: सड़क हादसे ने उजाड़ दिया परिवार, दो बाइकों की टक्कर में 21 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर
सारण जिले के मानोपाली में शनिवार को दो बाइकों की टक्कर में 21 वर्षीय मुन्ना कुमार की मौत हो गई। सड़क पर संतुलन बिगड़ने से वह गिरकर फिसलने लगा और दूसरी बाइक से टकरा गया। हादसे में जितेंद्र गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए।
विस्तार
सारण जिले के मानोपाली में शनिवार को दो बाइकों की टक्कर में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बनियापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मुन्ना कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान सहाजितपुर थाना क्षेत्र के नजीबा गांव निवासी कवलदेव राय के पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक पानापुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र गुप्ता हैं।
सड़क पर फिसलने के बाद दूसरी बाइक से टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुन्ना कुमार सहाजितपुर से बाइक चलाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मानोपाली के पास सड़क पर तेज रफ्तार से कई बाइक आती दिखाई दीं। बताया जाता है कि इसी दौरान मुन्ना का बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर फिसलने लगा। तभी विपरीत दिशा से आ रहे जितेंद्र गुप्ता की बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
पढ़ें: 'नीतीश का साथ देने के लिए हत्या करना गलत था', अनंत सिंह के बयान पर बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
हादसे में मुन्ना के सिर में गंभीर चोट लगी। उसके माथे और कान से काफी खून बहने लगा और वह मौके पर ही अचेत हो गया। वहीं, जितेंद्र गुप्ता भी घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बनियापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।