Lok Sabha Election: जंगल न पानी, फिर भी बिहार में यहां हेलीकॉप्टर से क्यों पहुंचाए गए मतदानकर्मी; जानें तैयारी
Bihar : गया और औरंगाबाद लोकसभा सीट पर कल शुक्रवार को मतदान होना है। चुनाव के दौरान मतदानकर्मी और सुरक्षाबलों को जान-माल की क्षति ना हो, इसके लिए पहली बार जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को बूथ तक पहुंचाया है।
विस्तार
बिहार झारखंड की सीमा पर औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के इमामगंज विधानसभा अंतर्गत छकरबंधा नक्सलियों की विध्वंसक कार्रवाइयों के लिए प्रसिद्ध रहा है। इस क्षेत्र में चुनाव के दौरान नक्सलियों ने कई बार विध्वंसक कार्रवाई को अंजाम दिया है। यही कारण है कि उक्त क्षेत्र में चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करना प्रशासन के लिए एक चुनौती रही है। चुनाव के दौरान मतदान कर्मी और सुरक्षा बलों को जान माल की क्षति ना हो, इसके लिए इस वर्ष पहली बार जिला प्रशासन छकरबंधा इलाके में हेलीकॉप्टर के माध्यम से मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को पहुंचाया है। हालांकि लोकसभा चुनाव के पहले फेज में यानि शुक्रवार को गया और औरंगाबाद लोकसभा सीट पर मतदान होना है। गया लोकसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और राजद प्रत्याशी सह बोधगया विधायक सह पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं औरंगाबाद लोकसभा सीट पर सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी सुशील सिंह और राजद प्रत्याशी सह पूर्व टिकारी विधायक अभय कुशवाहा के बीच है।
इतने मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
शुक्रवार को यानि 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले फेज में गया लोकसभा सीट पर मतदान होगा। गया लोकसभा क्षेत्र में कुल 18 लाख 16 हजार 815 मतदाता है। जिसमें
पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 44 हजार 230 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 72 हजार 565 और मतदाताओं की संख्या 20 है। इसी प्रकार शेरघाटी विधानसभा में 282048, बाराचट्टी विधानसभा में 316074, बोधगया विधानसभा में 326392, गया टाउन विधानसभा में 279445, बेलागंज विधानसभा में 287548 और वज़ीरगंज विधानसभा में कुल 325308 मतदाता है।
इन केन्द्रों पर होगा मतदान
गया लोकसभा में कुल 1879 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार को शेरघाटी विधानसभा के 305, बाराचट्टी विधानसभा के 332, बोधगया विधानसभा के 358, गया टाउन विधानसभा के 250+1(सहायक मतदान केंद्र), बेलागंज विधानसभा के 304 और वज़ीरगंज विधानसभा के 329 मतदान केन्द्रों पर मतदान होगा।
डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टी ईवीएम लेकर हुए रवाना
गया में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में मतदान होना है। वहीं गया के गया कॉलेज में बनाये गए डिस्पैच सेंटर से सभी पोलिंग पार्टी ईवीएम लेकर अपने-अपने बूथ पर पुलिस फ़ोर्स के साथ रवाना हो रहे है। ज्ञात हो की 19 अप्रैल को गया लोकसभा क्षेत्र के 6 विधानसभा में मतदान होना है। वही इस संबंध में गयया जिलाधिकारी डॉ त्याग राजन ने बताया की आज सभी डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टी और फ़ोर्स का मिलान हो रहा है। ये सभी लोग शांतिपूर्वक आने बूथ पर पहुंचेगे और बूथ पर पहुंच कर पूरी तैयारी करेंगे। सभी जगहों पर प्रशासन के द्वारा नजर रखी गई है। कही भी वोटर को मतदान करने में दिक्कत नहीं हो। जो संवेदनशील इलाका है। वहां पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा की कड़ी व्यस्था, ड्रोन की भी ली जाएगी मदद
गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया कल लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में गया में 9 विधानसभा में मतदान होना है। और इस चरण में जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र के भी जो विधानसभा क्षेत्र है। उसमे भी मतदान हो रहा है। उसको लेकर के गया पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि आज डुमरिया के छकरबंधा गांव में पोलिंग पार्टी और पुलिस बल को हेलिकॉप्टर से उतारा गया है।
इन विधानसभा क्षेत्रों में होगा इतने बजे तक मतदान
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नक्सल प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जिसमें शेरघाटी, बाराचट्टी और बोधगया विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। हालांकि तीन विधानसभा क्षेत्र गया टाउन, बेलागंज और वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।