बिहार: सारण शिक्षक सीट की मतगणना जारी, पांच जिलों के शिक्षकों के प्रतिनिधि पर टिकी नजर; परिणाम का इंतजार
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना छपरा में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के मतों से परिणाम तय होगा। फिलहाल मतपत्रों की संख्यात्मक गणना हो रही है।
विस्तार
बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना सोमवार को प्रमंडलीय मुख्यालय सारण के छपरा शहर स्थित राजकीय कन्या माध्यमिक सह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय से जारी है। इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों के मतों की गणना से चुनाव परिणाम तय होगा। फिलहाल मतदान केंद्रवार मतपत्रों की संख्यात्मक गणना की जा रही है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन नियमों के अनुसार मतगणना की अगली कार्रवाई शुरू होगी।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं। इन जिलों के शिक्षक मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधि के चयन के लिए मतदान किया है। ऐसे में मतगणना के परिणाम पर पांचों जिलों के प्रत्याशियों, शिक्षकों और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
पहले हो रही मतपत्रों की संख्यात्मक गणना, परिणाम के लिए करना होगा इंतजार
मतगणना केंद्र पर फिलहाल मतदान केंद्रवार मतपत्रों की संख्या गिनी जा रही है। संख्यात्मक गणना पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी प्रत्याशियों को मिले मतों, उनकी बढ़त और अंतिम परिणाम से संबंधित आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध नहीं हुए हैं।
पढे़ं: विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी; धरने पर क्यों बैठ गए कांग्रेस प्रत्याशी?
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव प्रेक्षक सह वरीय आईएएस अधिकारी दीपक आनंद, प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक निलेश कुमार, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की ओर से मतगणना को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है।
पांचों जिलों के मतों की गणना पूरी होने और आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से किस प्रत्याशी को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। फिलहाल मतगणना जारी है और परिणाम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।