Bihar: गोपालगंज में पारिवारिक विवाद बना मौत की वजह, जीजा ने चाकू मारकर साले की कर दी हत्या; आरोपी गिरफ्तार
Bihar: घटना के बाद घायल रितेश को उसके चाचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने सिधवलिया थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक की उसके ही जीजा ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।मृतक की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्मपरसा गांव निवासी शिवपूजन राम के 22 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार के रूप में की गई है।
पत्नी से मारपीट के बाद पहुंचा विवाद तक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव निवासी आरोपी शैलेश राम का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि पत्नी से मारपीट के बाद उसने अपने मायके वालों को फोन कर इस बात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मृतक रितेश कुमार, जो आरोपी का साला था, अपने चाचा के साथ बहन के ससुराल पहुंचा। वहां पहुंचने पर रितेश कुमार और उसके बहनोई शैलेश राम के बीच तीखा विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर शैलेश ने रितेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पढ़ें: निजी शिक्षण संस्थान के बंद कमरे में छात्र का फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रास्ते में तोड़ा दम
घटना के बाद घायल रितेश को उसके चाचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने सिधवलिया थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने छानबीन के दौरान फरार आरोपी शैलेश राम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का बयान
सिधवलिया थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण एक युवक की चाकू लगने से मौत हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।