Bihar News: सीवान में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: रेशमा के भाई ने बताया कि रविवार देर रात करीब 2 बजे उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि रेशमा की तबीयत खराब है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक रेशमा की मौत हो चुकी थी।
विस्तार
सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भादा खुर्द गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रेशमा खातून के रूप में हुई है, जिसकी शादी छह माह पूर्व गांव के ही एमडी वसीम से हुई थी।
रेशमा की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रेशमा को शादी के बाद से ही लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट होती थी।
रेशमा के भाई ने बताया कि रविवार देर रात करीब 2 बजे उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि रेशमा की तबीयत खराब है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक रेशमा की मौत हो चुकी थी।
पढ़ें: मालगाड़ी की चपेट में आकर दंपती की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम; पटरी पार करने के दौरान हुआ हादसा
वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा है कि रेशमा की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारण शामिल हैं। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रेशमा की शादी के बाद से ही ससुराल में पारिवारिक कलह की स्थिति बनी हुई थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल की तैनाती की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
