Bihar News: गोपालगंज में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, फसल की रखवाली करने जा रहे थे खेत
Bihar News: थानाध्यक्ष विकास पांडेय ने बताया कि हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के सेमराही गांव में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर दोनों के शवों पर पड़ी तो इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में इस हृदय विदारक दृश्य को देखकर कोहराम मच गया। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान सेमराही गांव निवासी रामजीश यादव (50) और उसके बेटे कमलेश कुमार (23) के तौर पर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के सेमराही गांव निवासी रामजीश यादव अपने बेटे कमलेश कुमार यादव के साथ रोज की तरह खाना खाकर रविवार की रात फसल की रखवाली करने के लिए खेत गए थे। वहीं, हाईटेंशन तार टूट कर खेत के रास्ते पर गिरा हुआ था, जिसे पिता-पुत्र दोनों देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ जाने से दोनों की मौत हो गई। रात का समय होने के कारण मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच पाया। सुबह जब लोग खेत की तरफ गए तो दोनों के शव पड़े हुए देखकर अचंभित हो गए। तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
इस हादसे की सूचना आग की तरह इलाके में फैल गई, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी जादोपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार पांडेय को दी। फिर थानाध्यक्ष अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच में जुट गए।
बताया जा रहा है कि मृतक रामजीश के चार बेटे और एक बेटी है। मृतक कमलेश भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। कमलेश का एक तीन माह का बच्चा भी है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। वहीं, इस मामले में थानाध्यक्ष विकास पांडेय ने बताया कि हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।