एयरहोस्टेस से बोले पप्पू यादव- 'चप्पल निकालकर करूंगा पिटाई'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्सर विवादों में रहने वाले बिहार के बाहुबलि सांसद पप्पू यादव फिर चर्चा में हैं। राष्ट्रीय जनता दल के सांसद पप्पू यादव को हाल ही में लालू यादव की मुखालफत करने के कारण पार्टी से निकाल दिया गया था। लेकिन अब वे फिर एक बार चर्चा में आ गए हैं।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार बिहार से दिल्ली की उड़ान के दौरान पप्पू यादव ने हवाईजहाज में एयर होस्टेस से बदतमीजी की। खबर के अनुसार जेट एयरवेज की फ्लाइट से पटना से दिल्ली आ रहे पप्पू यादव ने जहाज को जबरन पहले उतरवाने और कैप्टन को इसके लिए मजबूर करने का प्रयास भी किया।
मामले में पप्पू यादव के खिलाफ लिखित शिकायत की गई है। अपनी शिकायत में एयर होस्टेस ने बताया कि पप्पू यादव ने उन्हें चप्पल दिखाते हुए पीटने की बात कही।
घटना मंगलवार शाम की है, जब पप्पू यादव जेट एयरवेज की फ्लाइट से पटना से दिल्ली आ रहे थे। इसी दौरान वरिष्ठ एयरहोस्टेस ने उन्हें जरूरी सुरक्षा नियमों को पालन करने के लिए कहा। आरोप है इस पर भड़के पप्पू यादव ने उन्हें चप्पल से पीटने की धमकी दी।
सांसद ने खाना गिराकर एयरहोस्टेस से साफ करने को कहा
मामले में जहाज के कप्तान की ओर से भी शिकायत की गई है जिसमें उन्होंने लिखा है कि यह शर्मनाक है एक वरिष्ठ सांसद हमारे साथियों के साथ इस तरह का व्यवहार करता है और वह आसानी से छूट जाता है।
वहीं इस पर पप्पू यादव ने भी ढिठाई से जवाब देते हुए सभी आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि ''उन्होंने थाने में इसकी शिकायत क्यों नहीं की। पप्पू यादव ने कहा कि हमारा ऐसा कोई मामला नहीं है। चालक दल के सदस्यों का जहाज के चार अन्य यात्रियों से विवाद हुआ था, इसलिए आप उन चारों से बात करिए।''
वहीं पप्पू यादव के खिलाफ की गई शिकायत में बताया गया कि फ्लाइट में पप्पू यादव अपने साथियों के साथ सबसे अंतिम यात्री के रूप में पहुंचे और अपनी सीट को सही स्थिति में करने से मना कर दिया। आरोप है कि बार बार निवेदन करने के बाद भी उन्होंने अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ करने से इंकार कर दिया।
इसके बाद लंच के दौरान खाना खाते समय पप्पू यादव ने मिठाई अपने पैरों के पास गिरा दी और उसे साफ करने के लिए जहाज के क्रू मेंबर से कहा। चालक दल के सदस्यों ने सांसद से कहा कि वह काम नहीं कर सकते। आरोप है कि इस पर सांसद ने अपनी चप्पल उन्हें दिखाई और कहा कि अगर आगे वह कुछ बोले तो उन्हें इसी से पीटा जाएगा।
एयरहोस्टेस का आरोप मुझे हाथ पकड़कर बाहर धकेला
घटनाक्रम की जानकारी क्रू मेंबर ने फ्लाइट 9W 728 के कप्तान राजेश सिंह सहगल को दी। इसके बाद कैप्टन सहगल ने दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम को इस सारे वाकये से अवगत कराया। इसके बाद जब जहाज उतरने को हुआ तो पप्पू यादव ने फिर अभद्रता शुरू कर दी।
शिकायत में एयरहोस्टेस ने आरोप लगाया गया है कि जहाज की लैंडिंग के दौरान पप्पू यादव ने उनका हाथ पकड़ा और जहाज से बाहर धकेलने लगे। इस पर मैने तुरंत इसकी जानकारी कॉकपिट में बैठे कप्तान को दी।
इस पर कप्तान ने तुरंत बाहर आकर अन्य यात्रियों से सीट पर बैठने का आग्रह किया। आरोप है कि इस दौरान पप्पू यादव जोर जोर से चिल्ला रहे थे कि मैं एक सांसद हूं और तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
इसके बाद कैप्टन सहगल ने सुरक्षाकर्मियों से सांसद पप्पू यादव को दूर ले जाने के लिए कहा ताकि अन्य यात्री आराम से उतर सकें।
दबंग सांसद के खिलाफ पुलिस में शिकायत से बच रही एयरलाइन
जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि कैप्टन सहगल ने दिल्ली एटीसी से इस बात की मांग की थी कि जहाज में एक असंयमित यात्री की वजह से कुछ दिक्कते हैं। जिसके बाद पप्पू यादव को सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में बाहर निकाला गया।
हालांकि मामले में पप्पू यादव के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले में अभी पुलिस में भी शिकायत नहीं की गई है। चालक दल के सदस्य चाहते हैं कि मामले में पप्पू यादव के खिलाफ जेट एयरवेज की ओर से शिकायत की जाए।
वहीं जेट एयरवेज चाहता है कि चालक दल मामले में पुलिस में शिकायत करे, जिसके बाद कंपनी की ओर से आगे की कार्रवाई की जाए। हालांकि एयरलाइन सूत्रों के अनुसार पप्पू की राजनीतिक हैसियत को देखते हुए चालक दल खुद आगे आकर पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।