पूर्णिया में अवैध लॉटरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा: बड़ी खेप लेकर पहुंची थी बस, खलासी समेत दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्णिया पुलिस ने अवैध लॉटरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस की डिग्गी से 1,02,900 लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। पुलिस ने बस के खलासी और लॉटरी की डिलीवरी लेने पहुंचे मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त लॉटरी की कीमत छह लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
पूर्णिया पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस की डिग्गी से 1,02,900 अवैध लॉटरी टिकटों का जखीरा बरामद किया है। जब्त लॉटरी की बाजार में अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने बस के खलासी और डिलीवरी लेने आए मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के न्यू सिपाही टोला निवासी राज कुमार पासवान के पुत्र मिथुन कुमार पासवान उर्फ अभिषेक पासवान और अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के परवाहा निवासी अशोक यादव के पुत्र लालटू कुमार यादव के रूप में की गई है।
अवैध लॉटरी टिकट और एक मोबाइल फोन बरामद
सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अररिया की ओर से आ रही एक सवारी बस नंबर BR37P-8211 में लॉटरी की बड़ी खेप पूर्णिया लाई जा रही है। सूचना के आधार पर शिशाबाड़ी के पास त्वरित नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान बस रुकते ही भागने का प्रयास कर रहे खलासी ललटू कुमार यादव को पुलिस बल के जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद बस की डिग्गी की तलाशी लेने पर एक पीले रंग के प्लास्टिक बोरे के अंदर कार्टन में पैक 1,02,900 अवैध लॉटरी टिकट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल पूर्णिया बस स्टैंड पर घेराबंदी की थी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार खलासी ललटू यादव ने खुलासा किया कि सिमराही बस स्टैंड के केरानी दर्शन कुमार ने यह लॉटरी बस में रखवाई थी, जिसे पूर्णिया बस स्टैंड पहुंचकर मिथुन कुमार पासवान को सौंपना था। खलासी से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल पूर्णिया बस स्टैंड पर घेराबंदी की। जैसे ही मिथुन कुमार पासवान उर्फ अभिषेक पासवान लॉटरी की डिलीवरी लेने पहुंचा, पुलिस ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिथुन ने स्वीकार किया कि वह अररिया से लॉटरी मंगवाकर पूर्णिया और आसपास के इलाकों में अवैध बिक्री का नेटवर्क संचालित करता है।
ये भी पढ़ें- सूरज की रहस्यमयी मौत: शरीर पर नहीं जाहिरा चोट के निशान, फिर नींद में कैसे गई जान? अब इस तकनीक से खुलासा संभव
एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि यह पूरा खेल एक संगठित आपराधिक गिरोह द्वारा चलाया जा रहा है। जांच में विक्रम चौहान, मिट्ठू चौहान सहित अन्य बड़े तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसएसपी के दिशा-निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में चलाए गए इस सफल अभियान में सदर थाना के अपर थानाध्यक्ष शशि कुमार भगत, गुलाबबाग ओपी प्रभारी सन्नी कुमार, स.अ.नि. अवध किशोर प्रसाद और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।