Bihar: पूर्णिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्र को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, टंकी में डुबोकर मारने की थी साजिश!
Bihar: पूर्णिया के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा देने आए एक छात्र के साथ दबंग छात्रों द्वारा बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र को घेरकर उसका मोबाइल छीना गया, लाठी-डंडों और फाइटर से पीटा गया और हॉस्टल ले जाकर पानी की टंकी में डुबोकर मारने की योजना बनाई गई।
विस्तार
पूर्णिया जिले के के-हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर से एक बेहद सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहां परीक्षा देने आए एक छात्र को कॉलेज हॉस्टल के दबंग लड़कों ने घेर लिया, उसका मोबाइल छीनकर घर का पता पूछा और फिर लाठी-डंडे, घूंसे व फाइटर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी छात्र को बंधक बनाकर हॉस्टल ले जाने और पानी की टंकी में डुबाकर जान से मारने की योजना बना रहे थे। पीड़ित छात्र ने किसी तरह अपनी जान बचाई और भागकर के-हाट थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित छात्र की पहचान रूपौली थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव निवासी चंद्रभूषण कुमार (उम्र 21 वर्ष), पिता- नंदी कुमार विद्वानू के रूप में हुई है। वर्तमान में वह पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र है।
परीक्षा देकर निकलते ही घेर लिया
घायल छात्र ने बताया कि वह शनिवार को कॉलेज में परीक्षा देने गया था। दोपहर करीब 1 बजे जब वह परीक्षा देकर बाहर निकला, तो कॉलेज हॉस्टल में रहने वाले अनुराग कुमार, अंकित कुमार, अंकित कुमार (द्वितीय), निशित कुमार और प्रहलाद कुमार सहित 5-6 अज्ञात लड़कों ने मिलकर उसे जबरन घेर लिया।
मोबाइल छीना, पूछा घर का पता
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने सबसे पहले उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे पूरी तरह चेक किया। इसके बाद उन्होंने उसके घर का पता पूछा। जब पीड़ित ने जानकारी दी, तो आरोपियों ने एक पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए कहा कि पॉलिटेक्निक में जो मारपीट हुई थी, उसमें तुम भी शामिल थे। छात्र ने हाथ जोड़कर कहा कि “नहीं भैया, मैं उसमें नहीं था और मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है”, लेकिन इसी बात पर आरोपी भड़क गए।
लाठी-डंडे और फाइटर से बेरहमी से हमला
इतना सुनते ही सभी आरोपियों ने मिलकर छात्र को मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया और लाठी-डंडे, लोहे के फाइटर व मुक्कों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर पिटाई में छात्र लहूलुहान हो गया।
टंकी में डुबोकर मारने की थी योजना
मारपीट के दौरान कुछ लड़के आपस में कह रहे थे कि “इसे घसीटकर हॉस्टल ले चलो, वहां इसे पानी की टंकी में डालकर जान से मार देंगे।” कातिलाना इरादे को भांपकर पीड़ित छात्र ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर जान बचाते हुए वहां से भाग निकला।'
ये भी पढ़ें: 10 रुपये का लालच देकर आठ साल की बच्ची से दरिंदगी! रातभर छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित चंद्रभूषण कुमार ने के-हाट थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर के-हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि घायल छात्र द्वारा आवेदन दिया गया है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।