Bihar: मोहर्रम जुलूस के दौरान महावीर मंदिर चौक पर पथराव, तनाव के बीच मौके पर भारी पुलिस बल तैनात; DM भी पहुंचे
Katihar News: धार्मिक स्थल पर पथराव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पथराव में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कटिहार में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान रविवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया। नगर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित महावीर मंदिर चौक पर उस समय अफरातफरी मच गई जब जुलूस के दौरान कुछ उपद्रवियों ने धार्मिक स्थल के परिसर और वहां मौजूद स्थानीय लोगों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस अप्रत्याशित हिंसक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल गहरा गया है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और वे दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना को लेकर धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
‘दोषी किसी सूरत में नहीं बख्शे जाएंगे’
पथराव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पथराव में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी इस घटना में शामिल होगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर सख्त सजा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मोहर्रम जुलूस के दौरान दो अखाड़े आमने-सामने, देसरी सब्जी हाट में झड़प; एक घायल
पूर्व डिप्टी सीएम और स्थानीय विधायक ने की शांति की अपील
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नगर विधायक तारकेश्वर प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जल्द ही उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। विधायक ने कहा कि कटिहार की गंगा-जमुनी तहजीब को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। समाज में शांति और भाईचारे को बरकरार रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती
घटना के बाद महावीर मंदिर चौक और आस-पास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थिति को काबू में रखने के लिए फ्लैग मार्च और गश्ती बढ़ा दी है। साथ ही, धार्मिक स्थल और चौक क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पथराव में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शांति समिति की बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को बुलाकर आपसी संवाद के माध्यम से विवाद को शांत करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar: CM नीतीश ने मुहर्रम पर हजरत इमाम हुसैन और 72 शहीदों की कुर्बानी को किया नमन, राज्यवासियों से की यह अपील
धार्मिक स्थल पर हमले के मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग
धार्मिक स्थल पर पथराव को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग इस घटना को धर्मस्थल पर सीधा हमला मानकर विरोध में उतर आए हैं। कई संगठनों ने इस घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया है और प्रशासन से मांग की है कि पथराव करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। वहीं, इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है, जहां विभिन्न दलों के नेता मौके पर पहुंचकर बयानबाजी कर रहे हैं।