Bihar: पूर्णिया में सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान ने की आत्महत्या, पारिवारिक कलह बताई जा रही वजह
Bihar: कामिनी ने बताया कि उनकी अपने भाई से रोजाना सुबह-शाम बातचीत होती थी। शनिवार की शाम भी दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन रविवार सुबह जब उन्होंने कॉल किया तो जवाब नहीं मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर वार्ड नंबर-3 में रविवार को एक सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अर्जुन पांडे (उम्र करीब 45 वर्ष), पिता अनिरुद्ध पांडे के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार आत्महत्या का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। मृतक की बहन कामिनी मिश्रा ने बताया कि अर्जुन पांडे बीएसएफ से सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ शास्त्री नगर स्थित घर में रहते थे। पिछले तीन महीने से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। विवाद के बाद उनकी पत्नी पहले मायके चली गई थी, और बाद में पटना में अपनी बेटी के पास जाकर रहने लगी। वह पूर्णिया लौटने को तैयार नहीं थी, जिससे अर्जुन मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।
कामिनी ने बताया कि उनकी अपने भाई से रोजाना सुबह-शाम बातचीत होती थी। शनिवार की शाम भी दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन रविवार सुबह जब उन्होंने कॉल किया तो जवाब नहीं मिला। कई बार कॉल करने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह अपने बेटे और पति के साथ भाई के घर पहुंचीं। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें: ईरान-इजराइल युद्ध: बिहार का इंजीनियर ईरान में लापता, परिजनों में चिंता; 17 जून को हुई थी घरवालों से आखिरी बात
मधुबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुई। एक कमरा अंदर से बंद था। जब उसे खोला गया, तो अर्जुन पांडे फंखे से कपड़े की मदद से लटके पाए गए। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मधुबनी थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।