पटना जंक्शन पर देखा जा रहा था फ्री वाई-फाई पर पॉर्न, साइट्स ब्लॉक
पटना जंक्शन पर मुफ्त वाई-फाई उपभोक्ताओं द्वारा पॉर्न साइट्स देखे जाने के बाद रेलवे ने पॉर्न साइटों को ब्लॉक कर दिया है। बता दें कि रेलवे की मुफ्त वाई-फाई सेवा का सबसे ज्यादा इस्तेमाल पटना जंक्शन पर हो रहा है। इसमें भी पॉर्न सामग्री को लेकर सबसे अधिक सर्च किया जाता है।
पूर्व मध्य रेलवे के CPRO अरविंद रजक ने कहा कि रेलवे पटना जंक्शन पर उपभोक्ताओं को फ्री में वाई-फाई सुविधा देती है, लेकिन पॉर्न साइट्स देखे जाने के कारण पॉर्न साइटों को बंद करने का काम शुरु कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे, यात्रियों को इसलिए मुफ्त में वाई-फाई की सुविधा मुहैया कराती है,ताकि वो ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान सहित कुछ और जानकारियां हासिल कर सकें। दुर्भाग्य से यात्री इस सुविधा का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
पटना जंक्शन पर सबसे ज्यादा देखे जाते हैं पोर्न साइट्स
फिछले दिनों रेलवे ने भारत में जिन स्टेशनों पर फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध है। वहां इसके उपयोग के आधार पर चार्ट बनाया था जिसमें इंटरनेट सर्च के मामले में पटना रेलवे जंक्शन टॉप पर है। लेकिन एक चौंकाने वाला मामला यह सामने आया कि पटना जंक्शन के फ्री वाई-फाई पर लोग सबसे ज्यादा पॉर्न सर्च करते हैं और उसे डाउनलोड करते हैं।
पटना जंक्शन में इसी साल फ्री वाई-फाई सर्विस शुरू की गई थी। रेयरटेल पटना जंक्शन में आने वाले हर यात्री को 1GB फ्री वाई-फाई की सेवा देता है। रेलवे ने स्लो स्पीड के कारण इस सर्विस को 10 GB तक बढ़ाने का फैसला किया है।