Bihar News: पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप, नासरीगंज में विवाहिता की मौत से हड़कंप; मामला किया गया दर्ज
नासरीगंज में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत ने सनसनी फैला दी। परिजनों ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
रोहतास के नासरीगंज थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने दामाद पर ही गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मृतका की पहचान थाना चौक निवासी लगभग 30 वर्षीय इंदू देवी के रूप में हुई है।
10 वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता अकोढ़ीगोला निवासी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री की शादी नासरीगंज के प्रमोद कुमार से की थी शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में दामाद को शराब की लत लग गई। नशे की हालत में वह अक्सर इंदू देवी के साथ मारपीट करता था और उसके बाहर आने-जाने व किसी से बातचीत करने पर भी रोक लगा दी थी। पिता के अनुसार, बीती रात भी प्रमोद कुमार ने मारपीट के बाद इंदू देवी की गला दबाकर हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें- Bihar News: शादी के चार दिन पहले कहां लापता हो गया युवक? तैयारियों में फिरा पानी; परिजनों में मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू
नासरीगंज थाना के चौकीदार सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों द्वारा पति पर लगाए गए आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।