Tej Pratap Yadav : मुलाकात के दो महीने बाद तेज प्रताप यादव का बड़ा एलान; जनशक्ति जनता दल प्रशांत किशोर के साथ
Bihar News : जन सुराज पार्टी से अगर प्रशांत किशोर चुनाव में उतरते हैं तो तेज प्रताप यादव उनका साथ देंगे। आज से दो महीने पहले, 22 अप्रैल को यह संकेत मिल गया था। बांकीपुर उप चुनाव में प्रत्याशी देने वाले तेज प्रताप ने अब जाकर यह एलान किया है।
विस्तार
तेज प्रताप यादव ने खुद जाकर 22 अप्रैल को प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी। उस समय तेज प्रताप ने पत्ते नहीं खोले, हालांकि यह मान लिया गया था कि अगर प्रशांत किशोर बांकीपुर उप चुनाव में उतरते हैं तो उनकी पार्टी समर्थन दे देगी। अब जाकर यह एलान तेज प्रताप ने कर दिया है। तेज प्रताप यादव की पार्टी- जनशक्ति जनता दल ने बांकीपुर से जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर का समर्थन कर दिया है। जनशक्ति जनता दल ने बांकीपुर से प्रत्याशी के रूप में वीणा मांडवी को उतारा था, लेकिन वह नामांकन के बाद ही गिरफ्तार हो गई थीं। इसके बाद उनके पर्चे में खामी भी निकली, जिससे नामांकन रद्द हो गया। हालांकि, गिरफ्तारी के समय ही वीणा ने कह दिया था कि वह नहीं रहें तो प्रशांत किशोर का साथ दें जनशक्ति जनता दल के समर्थक। अब जाकर तेज प्रताप ने यह एलान किया है।
जनशक्ति जनता दल की यहां क्या स्थिति?
तेज प्रताप यादव जब राष्ट्रीय जनता दल से निकले तो खुद भी अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र से विधायक नहीं बन सके। अब वह खुद पूर्व विधायक हैं। लेकिन, तेज प्रताप सुर्खियों में रहते हैं। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल का बांकीपुर में खास वोट बैंक होगा, यह कहना मुश्किल है। शायद इसलिए तेज प्रताप यादव ने प्रशांत किशोर को अच्छा कैंडिडेट बताते हुए राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता को भी पीके का समर्थन करने की अपील की है। रेखा कुमारी गुप्ता 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से ऐन मौके पर राजद में आई थीं और इस चुनाव में दूसरे नंबर पर रही थीं। इस चुनाव में जन सुराज ने यहां से वंदना कुमारी को उतारा था, जिन्हें 7690 वोट मिले थे। विजेता नितिन नवीन को 98151 मत मिले थे, जबकि रेखा कुमारी गुप्ता को 46308 मतों के साथ दूसरा स्थान हासिल हुआ था।