{"_id":"6a91165c353c6e8adb0d93c9","slug":"rak-raksha-bandhan-bihar-news-alert-for-rain-lightning-in-several-districts-water-level-of-the-ganges-in-patnasha-bandhan-bihar-news-alert-for-rain-lightning-in-several-districts-water-level-of-the-ganges-in-patna-2026-08-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार का मौसम: रक्षाबंधन के दिन पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट, पटना में कहां-कहां खतरे के निशान से ऊपर गंगा?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार का मौसम: रक्षाबंधन के दिन पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट, पटना में कहां-कहां खतरे के निशान से ऊपर गंगा?
Fri, 28 Aug 2026 10:32 AM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: आदित्य आनंद
Updated Fri, 28 Aug 2026 10:32 AM IST
सार
बारिश और वज्रपात की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 30 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है, जबकि 30 अगस्त से 2 सितंबर तक भी बारिश का दौर बना रहने की संभावना है।
विज्ञापन
बिहार में बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। रक्षाबंधन के दिन भी पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट है। पटना समेत कई जिलों में आज सुबह से धूप और छांव का खेल जारी है। कड़ी धूप नहीं होने से गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अगस्त को बिहार में भारी बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन
मौसम मानचित्र के अनुसार, उत्तर बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। वहीं पटना, बेगूसराय, लखीसराय, नालंदा, नवादा और गया समेत मध्य व दक्षिण बिहार के कई इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। पटना, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, सारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, बेगूसराय और इनके आसपास के जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन
वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, समेत कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अगस्त को बिहार में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
पटना में कहां पर कितना है गंगा का जलस्तर?
बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने पटना में चिंता बढ़ा दी है। 27 अगस्त की शाम उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पटना के मनेर में गंगा का जलस्तर 52.26 मीटर तक पहुंच गया। यह खतरे के निशान से 0.26 मीटर ऊपर है। वहीं दीघा घाट पर गंगा 50.48 मीटर पर पहुंच गई है, जो खतरे के निशान 50.45 मीटर से करीब 3 सेंटीमीटर अधिक है। वहीं गांधी घाट पर जलस्तर 49.35 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 75 सेंटीमीटर ऊपर है। हाथीदह में भी गंगा का पानी 42.50 मीटर पर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का स्तर 41.76 मीटर है। हालांकि, कई जगहों पर जलस्तर में गिरावट भी दर्ज की गई है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। बारिश का दौर जारी रहने के कारण गंगा के जलस्तर में आगे भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। पटना के घाटों और नदी से सटे निचले इलाकों पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। बढ़े जलस्तर का असर कई घाटों के निचले हिस्सों में दिखाई देने लगा है, जिससे सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लोगों से नदी के आसपास सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।