पटना: नौकरी मांग रहे एसटीईटी अभ्यर्थियों पर बरसीं लाठियां, सड़क पर गिर गए सिटी मैजिस्ट्रेट
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के चक्कर में सिटी मैजिस्ट्रेट सड़क पर गिर गए। बता दें कि प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि उन्हें छठे चरण के नियोजन में शामिल किया जाए।
विस्तार
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार (29 जून) को एसटीईटी अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी शिक्षामंत्री विजय चौधरी के आवास तक पहुंच गए, जिन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के चक्कर में सिटी मैजिस्ट्रेट सड़क पर गिर गए। बता दें कि प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि उन्हें छठे चरण के नियोजन में शामिल किया जाए।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, शिक्षा पात्रता के उम्मीदवार शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के आवास का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो अभ्यर्थी धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। हालात बिगड़े तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
सड़क पर गिरे सिटी मैजिस्ट्रेट
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी बेकाबू होने लगे। पुलिस ने उन पर काबू पाने के लिए जमकर लाठियां बरसाईं। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। जानकारी के मुताबिक, उस दौरान सिटी मैजिस्ट्रेट भी प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन एक अभ्यर्थी से टकराकर वह सड़क पर गिर पड़े। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सहारा देकर उठाया।
पुलिस ने कही यह बात
एसटीईटी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मामले में पुलिस ने बयान दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। ऐसे में उन्हें शिक्षा मंत्री के आवास से हटाया गया। पुलिस हंगामा करने वालों पर कार्रवाई करेगी, सबकी शिनाख्त की जा रही है। कोई भी दोषी नहीं बचेगा।