बिहार में बेखौफ अपराधी: अंडा खाने निकले जमीन कारोबारी को गोलियों से भूना, चार गोलियां लगने से हालत गंभीर
बिहार के पटना स्थित फुलवारी शरीफ के ईसापुर इलाके में गुरुवार देर रात बाइक सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू (35) पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे अंडा खाते समय उन्हें निशाना बनाया गया।
विस्तार
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास गुरुवार देर रात करीब 9:15 बजे बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू (35) को गोली मार दी। उन्हें चार गोलियां लगी हैं। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पुलिस ने तत्काल पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल से चार खोखे बरामद कर मामले की जांच में जुटी है।
घर से 100 मीटर दूर अंडा खाने पहुंचे थे छोटू
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास मुर्गिया टोला के रहने वाले हैं। वह जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं। गुरुवार रात वह अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे अंडा खाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने छोटू को निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोलियों की आवाज से इलाके में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपनी सुरक्षा के लिए घरों और दुकानों में छिप गए। घटना के समय मौसम भी खराब था और बारिश हो रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी बाइक से फरार हो गए।
घटनास्थल से चार खोखे बरामद, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान चार खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अधिकारियों ने लिया जायजा
गोलीबारी की जानकारी मिलते ही फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और जांच से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद छोटू को चार गोलियां लगी हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घायल कारोबारी के परिजनों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी। घटना के बाद से ईसापुर इलाके में दहशत का माहौल है।