बिहार: पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में मारी गोली
पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में कल्याण बीघा रोड पर रविवार सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पटना रेफर किया गया है।
विस्तार
बिहार की राजधानी पटना में बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर शनिवार को पुलिस और हथियारबंद अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, दो मैगजीन और 14 कारतूस बरामद किए हैं। घटना में एक महिला सब-इंस्पेक्टर को भी हल्की चोट आई है।
हथियार बरामद कराने के लिए आरोपी को लेकर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस ने सितंबर में गैराज संचालक अंजनी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पास हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि हथियार कल्याणपुर रोड के पास छिपाकर रखा गया है। इसके बाद रामकृष्णा नगर और बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम आरोपी सौरभ सिंह को लेकर हथियार बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सौरभ ने मौका पाकर लोडेड हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसकी गोली पुलिस की गाड़ी के बोनट में जा लगी।
महिला एसआई ने की जवाबी फायरिंग
पुलिस टीम पर गोली चलाए जाने के बाद रामकृष्णा थाने की बैरिया ओपी प्रभारी पूजा कुमारी ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली सौरभ सिंह के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान महिला सब-इंस्पेक्टर को भी हल्की चोट आई है। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, दो मैगजीन और 14 कारतूस बरामद किए हैं।
सौरभ पर हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सौरभ सिंह मूल रूप से लखीसराय जिले के बड़हिया का रहने वाला है। वह वर्तमान में रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के कंकड़बाग में रह रहा था। उसके खिलाफ पहले से हत्या के दो और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और गैराज संचालक अंजनी की हत्या से जुड़े मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम पहुंची। टीम ने मौके की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। साथ ही, बरामद हथियारों और कारतूसों की भी जांच की जा रही है।