LS Polls 2024: सीएम नीतीश ने फिर लालू परिवार पर साधा निशाना, ज्यादा बच्चों और अधिक संपत्ति पर कसा तंज
Nalanda Lok Sabha: नीतीश कुमार ने लालू पर निशाना साधते हुए कहा कि हम 1995 से भाजपा के साथ हैं। आप जानते हैं कि बीच में हमने दो बार इनको छोड़कर उन लोगों (लालू परिवार) को साथ कर लिया था। जब एक बार गड़बड़ की तो उन्हें हटा दिया। फिर उनके साथ आए और फिर इन लोगों ने गड़बड़ की तो फिर अब हमने इन्हें हटा दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दूसरे दिन जनसभा और रोड शो करने नालंदा पहुंचे। मंगलवार को सीएम नीतीश हेलिकॉप्टर से नालंदा पहुंचे, जहां अस्थावां के बेनार में चुनावी जनसभा को संबोधित की। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से सरमेरा रवाना हो गए, जहां चुनावी सभा करने के बाद रोड शो किया। चुनाव प्रचार के दौरान नीतीश कुमार ने लालू परिवार पर जमकर जुबानी हमला किया। साथ ही अपने कार्यकाल में किए गए कामों की सूची गिनवाई।
लालू परिवार पर साधा निशाना
जदयू नेता नीतीश कुमार ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि हम लोगों का रिश्ता भाजपा के साथ सभी दिन रहा है। हम 1995 से भाजपा के साथ हैं और आप जानते हैं कि बीच में हमने दो बार इनको छोड़कर उन लोगों (लालू परिवार) को साथ कर लिया था। जब एक बार गड़बड़ की तो उन्हें हटा दिया। फिर उनके साथ आए और फिर इन लोगों ने गड़बड़ की तो फिर अब हमने इन्हें हटा दिया है। काम हम सब करते रहते हैं और ये अनाप-शनाप बोलते रहते हैं।
‘इतने बच्चे पैदा करने वाले कितने लोग हैं बिहार में’
नीतीश ने कहा कि इन लोगों को जब मौका मिला 15 साल का तक तब खुद जब सात साल में हट रहा था तो अपनी बीवी को मुख्यमंत्री बना दिया। सात बाल-बच्चे पैदा किए, इतने बाल-बच्चे पैदा करने वाले कितने लोग हैं बिहार में। 2005 के पहले का जब इन लोगों को मौका मिला तो क्या स्थिति थी। कोई भी लोग शाम को घर से बाहर नहीं निकलते थे। कहीं आने-जाने के लिए भी कोई रास्ता नहीं था। जब हम एमपी थे उस वक्त भी पैदल ही इधर-उधर जाया करते थे।
‘भाजपा के साथ मिलकर हिंदू-मुस्लिम झगड़ा किया खत्म’
मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि पहले हिंदू मुस्लिम में काफी झगड़ा हुआ करता था। हम और भाजपा ने जब से बिहार की बागडोर संभाली, तब से दोनों का झगड़ा शांत कराया। हम लोगों ने मिलकर आठ हजार से अधिक कब्रिस्तान की घेराबंदी की, मदरसे के शिक्षकों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया। हम लोगों को जब मौका मिला तो हम लोगों ने सभी काम किए जैसे शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, सड़क के क्षेत्र में, बिजली के क्षेत्र में और सभी क्षेत्र में काम किया गया। लड़कियों को काफी कम पढ़ाया जाता था। उनके पढ़ने के लिए सारी व्यवस्था की गई। उन्हें पोशाक राशि दी गई, मैट्रिक में प्रोत्साहन राशि दी गई, इंटर में प्रोत्साहन राशि दी गई और स्नातक में प्रोत्साहन राशि दी गई।
‘विधानसभा चुनाव के पहले 10 लाख लोगों को देंगे रोजगार’
जदयू प्रमुख ने कहा कि जब हम लोगों ने काम करना शुरू किया तो हर घर बिजली, हर घर नल जल और हर घर शौचालय पहुंचाने का काम किया। उन लोगों द्वारा ‘अंड-बंड’ बोला जाता है। हम ही लोगों ने यह तय किया था। हम लोगों ने ही तय किया था कि सभी लोगों को नौकरी देंगे। 2005 पास से 2020 तक आठ लाख लोगों को नौकरी दी और लाखों लोगों को रोजगार दिया है। 2020 में हम और भाजपा ने मिलकर यह तय किया था कि हम लोग 10 लाख नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार देंगे। चार लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी गई है, एक लाख का तुरंत होने वाला और तीन लाख का भी काम शुरू हो गया है। अगले साल जो विधानसभा का चुनाव होगा। उससे पहले 10 लाख नौकरी जरूर पूरी कर देंगे और पांच लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर इशारों ही इशारों में ही लालू परिवार पर हमला कर कहा कि हम प्रेस बंधुओं से भी अनुरोध करना चाहते हैं कि जरा उन लोगों पर भी नजर डालिए, हम लोग गरीब आदमी और वे लोग कहां से कहां पहुंच गए हैं।