Bihar: प्रसव के बाद जीएसटी अधिकारी के नवजात बच्चे की मौत, एसडीएम ने अस्पताल में मारा छापा
Bihar: सासाराम में प्रसव के बाद एक जीएसटी अधिकारी के नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है, जिसमें निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने पुलिस बल के साथ अस्पताल में छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
रोहतास जिले के सासाराम से शुक्रवार की रात एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रसव के बाद एक नवजात बच्चे की मौत ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। शहर के लालगंज नहर स्थित समर्पण हॉस्पिटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने भारी पुलिस बल के साथ अचानक छापेमारी की।
जीएसटी अधिकारी की शिकायत पर छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार सासाराम स्थित जीएसटी कार्यालय में कार्यरत महिला अधिकारी ज्योति कुमारी को प्रसव के लिए समर्पण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के कुछ समय बाद ही उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसको लेकर महिला अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और उपचार में कोताही बरतने का आरोप लगाया।
एसडीएम की कार्रवाई से अफरातफरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने सदर डीएसपी कुमार वैभव के साथ अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और अस्पताल के कागजात, मेडिकल सुविधाओं तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के बारे में पूछताछ की। वहीं, एसडीएम की इस कार्रवाई से अस्पताल कर्मियों में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: बेटी की एक कॉल के बाद खत्म हो गई जिंदगी, रात में पिता से मांगा था सहारा, सुबह मिली लाश
लापरवाही पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
मामले में डीएसपी कुमार वैभव ने बताया कि बच्चे की मौत के कारणों और अस्पताल की कार्यशैली की गहनता से जांच की जा रही है। यदि अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई भी लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो अस्पताल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। फिलहाल घटना के बाद स्थानीय लोगों में निजी अस्पतालों की मनमानी को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.