फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   chittorgarh fort meera bai krishna devotion meera temple kumbha shyam temple mewar history

राजस्थान: चित्तौड़गढ़ में जिंदा है मीरा का प्रेम, कृष्ण भक्ति की अमर गाथा सुनाता है 500 साल पुराना इतिहास

Fri, 04 Sep 2026 10:07 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,चित्तौड़गढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,चित्तौड़गढ़ Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Fri, 04 Sep 2026 10:07 AM IST
सार

चित्तौड़गढ़ दुर्ग शक्ति, वीरता और बलिदान के साथ-साथ भक्त शिरोमणि मीरा बाई की अटूट कृष्ण भक्ति और प्रेम का भी प्रतीक माना जाता है। मेड़ता के पास कुड़की गांव में जन्मीं मीरा ने बचपन में ही कृष्ण को अपना आराध्य मान लिया था।

विज्ञापन
chittorgarh fort meera bai krishna devotion meera temple kumbha shyam temple mewar history
मीरा बाई का मंदिर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़ दुर्ग को सदियों से शक्ति और भक्ति की धरती के रूप में जाना जाता है, लेकिन इस दुर्ग की पहचान केवल वीरता और संघर्ष की गाथाओं तक सीमित नहीं है। यहां की मिट्टी में प्रेम और भक्ति की ऐसी कहानी भी रची-बसी है, जो आज भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करती है। बात जब अमर प्रेम और कृष्ण भक्ति की होती है तो दुर्ग स्थित मीरा मंदिर और भक्त शिरोमणि मीरा बाई की कथा स्वतः जीवंत हो उठती है। मीरा बाई जयंती के अवसर पर चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित इस मंदिर और उनकी कृष्ण भक्ति से जुड़ी गाथा को याद करना अपने आप में इतिहास और आस्था के अनूठे संगम से रूबरू होना है।

विज्ञापन

बचपन में ही कृष्ण को मान लिया था अपना पति

मीरा बाई का जन्म मेड़ता के पास स्थित छोटे से गांव कुड़की में हुआ था। मान्यता के अनुसार, बचपन में एक विवाह समारोह को देखने के बाद मीरा ने अपनी मां से पूछा था कि उनका पति कौन होगा। इस पर उनकी मां ने सहज भाव से कहा कि उनका पति कृष्ण कन्हैया होगा। मां की यह बात मीरा के मन में इतनी गहराई से बस गई कि उन्होंने कृष्ण को ही अपना आराध्य और जीवनसाथी मान लिया। इसके बाद मीरा का विवाह मेवाड़ के महाराणा सांगा के पुत्र भोजराज से हुआ। विवाह के बाद उनके साथ कई दास-दासियां, सेवक और चाकर भी ससुराल भेजे गए, लेकिन मेवाड़ पहुंचने के बाद भी उनका मन सांसारिक जीवन में नहीं रमा। उनका मन लगातार कृष्ण भक्ति में ही लगा रहा।

विज्ञापन

 

chittorgarh fort meera bai krishna devotion meera temple kumbha shyam temple mewar history
मीरा बाई का मंदिर - फोटो : अमर उजाला

भोजराज की मृत्यु के बाद और गहरी हुई कृष्ण भक्ति

दुर्भाग्यवश मीरा के पति भोजराज का निधन हो गया। इसके बाद भी मीरा की कृष्ण भक्ति में कोई कमी नहीं आई। वह लगातार अपने आराध्य गिरधर गोपाल की भक्ति में लीन रहीं। मीरा की इस भक्ति को देखते हुए महाराणा सांगा ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर कुंभ श्याम मंदिर का निर्माण करवाया, ताकि मीरा अपने आराध्य कृष्ण की वहां पूजा-अर्चना और भक्ति कर सकें। इस मंदिर से मीरा की कृष्ण भक्ति की गहरी कड़ी जुड़ गई और आगे चलकर यह स्थान उनकी आध्यात्मिक यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया।

विक्रमादित्य ने किया विरोध, कई बार प्रताड़ित करने के आरोप

महाराणा सांगा के निधन के बाद उनके पुत्र विक्रमादित्य मेवाड़ की गद्दी पर बैठे। मीरा की भक्ति और उनके धार्मिक आचरण को विक्रमादित्य उचित नहीं मानते थे। परंपरागत कथाओं में उनके द्वारा मीरा को कई तरह से प्रताड़ित करने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख मिलता है। कहा जाता है कि मीरा को समाप्त करने के लिए कई षड्यंत्र किए गए, लेकिन हर बार वे विफल रहे। इन परिस्थितियों के बीच मीरा ने अपने आराध्य के प्रति अटूट श्रद्धा बनाए रखी और अंततः मेवाड़ से निकलकर चार धाम की यात्रा पर चली गईं।

chittorgarh fort meera bai krishna devotion meera temple kumbha shyam temple mewar history
पूजा करते हुए लोग - फोटो : अमर उजाला

द्वारका में कृष्ण की प्रतिमा में समा जाने की मान्यता

मीरा की यात्रा अंततः द्वारका पहुंची, जहां वह द्वारकाधीश की आराधना में लीन रहने लगीं। मान्यता के अनुसार, इस दौरान मेवाड़ के कुछ सैनिक उन्हें वापस लाने के लिए द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे। जब मीरा अपने आराध्य को नमन करने के लिए मंदिर के गर्भगृह में गईं तो काफी समय बीतने के बाद भी वह बाहर नहीं आईं। धार्मिक मान्यता है कि मीरा अपने आराध्य द्वारकाधीश की प्रतिमा में ही समा गईं। यह घटना उनकी भक्ति की पराकाष्ठा के रूप में देखी जाती है।

शक्ति और बलिदान की भी गवाह है चित्तौड़ की धरती

चित्तौड़गढ़ दुर्ग का इतिहास केवल मीरा की भक्ति और प्रेम तक सीमित नहीं है। यहां मेवाड़ के महाराणाओं ने अनेक युद्ध लड़े और लंबे संघर्षों के बावजूद किसी की अधीनता स्वीकार नहीं की। दुर्ग की क्षत्राणियों और सर्व समाज ने भी मेवाड़ की आन-बान और शान की रक्षा के लिए तीन बार जौहर किया। इस कारण चित्तौड़गढ़ दुर्ग को शक्ति, साहस और बलिदान की धरती के रूप में भी विशेष पहचान मिली।

शक्ति और वीरता के इसी इतिहास के बीच भक्त शिरोमणि मीरा बाई की कृष्ण भक्ति ने इस दुर्ग को भक्ति का भी पर्याय बना दिया। मीरा ने अपने मन में बसे गिरधर गोपाल की छवि को अपना जीवन मान लिया और सामाजिक लोक-लाज की परवाह किए बिना दिन-रात अपने आराध्य के प्रति समर्पित रहीं।

मीरा की भक्ति ने दिया समर्पण का संदेश

मीरा की कथा धार्मिक आस्था में भक्ति की पराकाष्ठा का प्रतीक मानी जाती है। उनकी जीवन गाथा यह संदेश देती है कि जब भक्त की अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा और समर्पण चरम पर पहुंचता है तो वह सांसारिक बंधनों से ऊपर उठ जाता है। मीरा से जुड़ी द्वारका की घटना ने मेवाड़ ही नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं को भक्ति और समर्पण का संदेश दिया। यही कारण है कि आज भी मीरा बाई भक्ति की पर्याय बनी हुई हैं। उनके प्रिय भजन लोगों के कंठ से सुनाई देते हैं और चित्तौड़गढ़ दुर्ग का मीरा मंदिर उनकी स्मृति और कृष्ण भक्ति को जीवंत बनाए हुए है।

पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है मीरा मंदिर

चित्तौड़गढ़ दुर्ग घूमने आने वाले पर्यटक जब मीरा मंदिर पहुंचते हैं तो मंदिर से जुड़ी उनकी कृष्ण भक्ति की गाथा सुनकर अभिभूत हो जाते हैं। मंदिर सिर्फ एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक समर्पण की कहानी से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान भी है। एक लंबे अंतराल के बाद मंदिर में स्थापित गिरधर गोपाल की प्रतिमा लुप्त हो गई थी। इसके कारण मीरा मंदिर लंबे समय तक बिना मूर्ति के ही रहा। बाद में भामाशाह द्वारा मीरा और उनके आराध्य गिरधर गोपाल की प्रतिमाएं मंदिर में स्थापित कराई गईं।

इसके बाद से यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। आज भी चित्तौड़गढ़ दुर्ग की पहचान जहां वीरता, संघर्ष और बलिदान से होती है, वहीं मीरा मंदिर इस ऐतिहासिक दुर्ग में प्रेम और भक्ति की अमर गाथा को जीवंत रखता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed