बिहार: नकली ब्रांडेड चप्पल बनाने का खुलासा, स्पार्क के लोगो वाले 420 चप्पल बरामद
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली बाजार में पुलिस ने नकली ब्रांडेड चप्पल बनाने के मामले का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान स्पार्क कंपनी के लोगो वाले 420 चप्पल, 240 तैयार चप्पल, 220 बॉक्स और 250 रैपर बरामद किए गए।
विस्तार
बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में नकली ब्रांडेड चप्पल बनाने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कन्हौली बाजार में छापेमारी कर स्पार्क कंपनी के लोगो वाले चप्पल, तैयार चप्पल, बॉक्स और रैपर समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। कंपनी के जांचकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 और 65 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कंपनी की शिकायत पर कन्हौली बाजार में छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, रिलैक्सो फुटवियर लिमिटेड में जांचकर्ता के पद पर कार्यरत नई दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी मनीष गुप्ता को सूचना मिली थी कि बिहटा में स्पार्क कंपनी के नाम से नकली चप्पल तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने बिहटा थाने में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने गुप्त सूचना के सहारे बिहटा के कन्हौली बाजार में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सुनील साव, पिता शंकर बिहारी साव के मकान से स्पार्क कंपनी का लोगो लगे 420 चप्पल, 240 तैयार चप्पल, कंपनी के 220 बॉक्स और 250 रैपर बरामद किए।
नकली चप्पल बनाने और आपूर्ति करने में इस्तेमाल का आरोप
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान का इस्तेमाल कथित तौर पर नकली ब्रांडेड चप्पल तैयार करने और उनकी आपूर्ति करने में किया जा रहा था। पुलिस अब बरामद सामान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चप्पल कहां तैयार किए जा रहे थे और उनकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी। इसके साथ ही, पुलिस इस काम में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है, ताकि नकली चप्पल बनाने और उनकी आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कंपनी के जांचकर्ता की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।