Bihar Election: आ गई फाइनल वोटर लिस्ट, 22,34,136 पाए गए मृत मतदाता; कुल 47,77,487 मतदाता घटे; जानें डिटेल्स
Bihar Voter List News: बिहार में एसआईआर के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ है। इसके साथ ही 22,34,136 मतदाता मृत पाए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
Please wait...
विस्तार
Bihar SIR: भारत निर्वाचन आयोग के तहत 24 जून 2025 को बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य यह तय करना था कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस प्रक्रिया में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें पुनरीक्षण की प्रक्रिया और सहयोग देने का अनुरोध किया। वहीं, जिला एवं विधानसभा स्तर पर भी सभी अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर सहयोग सुनिश्चित किया। साथ ही मुख्य सचिव सहित सभी विभागों को इस पुनरीक्षण की जानकारी दी गई।
क्या पाया गया?
बता दें कि गणना प्रपत्रों का वितरण और कर्मियों का प्रशिक्षण 24 जून 2025 तक पूरा किया गया। राज्य में 7,89,69,844 निर्वाचकों के लिए प्रपत्र मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से वितरित किए गए। इस प्रक्रिया में 38 जिला निर्वाचन पदाधिकारी, 243 निर्वाचक निबंधक, 2,976 सहायक निबंधक, 77,895 बी.एल.ओ. और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भाग लिया। कुल 7,24,05,756 गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जिसमें 16 लाख से अधिक आवेदन ऑनलाइन किए गए।
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता जागरूकता के लिए अखिल भारतीय स्तर पर 246 समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित किया गया, टीवी चैनल, रेडियो, दूरदर्शन, प्रेस सूचना ब्यूरो, ई-रिक्शा, जागरूकता रथ, आउटडोर होर्डिंग, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से व्यापक प्रचार किया गया। प्रारूप निर्वाचक सूची 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को हार्ड और सॉफ्ट दोनों प्रतियाँ उपलब्ध कराई गई और गणना प्रपत्र न देने वाले मतदाताओं की सूची भी साझा की गई। 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक दावा-आपत्ति की अवधि में सभी प्रखंड और शहरी निकाय कार्यालयों में विशेष कैंप लगाए गए।
पढ़ें; मुजफ्फरपुर में नारी शक्ति का उत्सव, उत्कृष्ट योगदान के लिए नौ महिलाओं को सम्मानित किया गया
दावा-आपत्ति के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने सुनवाई कर केवल उचित निर्णय लेने के बाद ही किसी मतदाता का नाम हटाया। इस पूरी प्रक्रिया के बाद 30 सितंबर 2025 को बिहार राज्य की अंतिम निर्वाचक सूची जारी की गई। अंतिम सूची के अनुसार, बिहार में कुल 7,41,92,357 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 3,92,07,804, महिलाएं 3,49,82,828 और थर्ड जेंडर 1,725 हैं। विशेष श्रेणियों में 85 वर्ष और उससे ऊपर आयु वर्ग के मतदाता 4,03,985, 18-19 वर्ष के युवा मतदाता 14,01,150 और दिव्यांग मतदाता 7,20,709 हैं।
निर्वाचक अपनी सूची ऑनलाइन https://voters.eci.gov.in या https://ceoelection.bihar.gov.in पर देख सकते हैं। मोबाइल एप ECINET पर भी सूची उपलब्ध है। ऑफलाइन सूची अपने बूथ के BLO या निकटस्थ प्रखंड, अनुमंडल या जिला निर्वाचन कार्यालय में देखी जा सकती है। यदि किसी व्यक्ति को ERO द्वारा नाम हटाए जाने का निर्णय संतोषजनक नहीं लगे, तो वह जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष द्वितीय अपील कर सकता है।