Bihar: एनएमसीएच में छात्र का शव मिलने से हड़कंप, परिजन बोले- दोस्तों ने मार डाला, सीमा विवाद में उलझी पुलिस
Patna Crime News: पटना के सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
विस्तार
परिवार का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद वे गुरुवार से ही एनएमसीएच स्थित टीओपी थाना, मेहंदी गंज थाना और चौक थाना के चक्कर लगाते रहे, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने उनकी बात सुनने की कोशिश नहीं की। हर थाना मामले को दूसरे थाना का अधिकार क्षेत्र बताकर टालता रहा। बाद में चौक थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
परिजनों का कहना है कि अमर को गुरुवार को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। अमर की जमकर पिटाई की गई, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे एनएमसीएच भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके दोस्त उसे छोड़कर फरार हो गए। जब हमलोगों को घटना की जानकारी मिली तो वे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल स्थित थाना ने इसे मेहंदी गंज थाना का मामला बताया। मेहंदी गंज थाना पहुंचे तो उन्हें चौक थाना भेज दिया गया। परिजन कहते हैं कि पूरी रात पुलिस थानों में भटकते रहे लेकिन किसी ने भी गंभीरता से मामला नहीं लिया।
परिजनों का आरोप है कि अमर की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है। उनका कहना है कि अमर किसी विवाद में नहीं था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसके कुछ दोस्तों से अनबन की जानकारी मिली थी। परिवार का कहना है कि अमर को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर उसकी हत्या कर शव को अस्पताल में छोड़ दिया गया।