Bihar: उमेश कुशवाहा बोले- नीतीश सरकार की उपलब्धियों को अंतिम पायदान तक पहुंचाएं, विपक्ष के झूठ का दें जवाब
Bihar Election 2025: जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि सीएम नीतीश की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के कारण बिहार ने बीते 19 वर्षों में अभूतपूर्व विकास देखा है। हर क्षेत्र में बिहार ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। अब जरूरत है कि इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में पार्टी की मीडिया टीम अग्रणी भूमिका निभाए।
विस्तार
जनता दल (यूनाइटेड) अब मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर नए तेवर और नई ऊर्जा के साथ दिखाई देगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के झूठ को तथ्यों के साथ बेनकाब करने के लिए सभी प्रवक्ताओं और मीडिया सेल से जुड़े पदाधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा।
यह भी पढ़ें- Bihar:तेजस्वी यादव ने यह क्या किया? गिरिराज सिंह को कूदना पड़ा मैदान में, शिवराज सिंह चौहान को लिखी चिट्ठी
जदयू प्रदेश कार्यालय में 18 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित इस विशेष बैठक का उद्देश्य जिला प्रवक्ताओं और जिला मीडिया सेल अध्यक्षों की गतिविधियों को सशक्त बनाना है। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की। पहले दिन भागलपुर, सारण और दरभंगा प्रमंडलों के जिला प्रवक्ता और मीडिया सेल अध्यक्षों को संवाद कौशल, सरकार की योजनाओं की प्रस्तुति और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से जुड़े अहम टिप्स दिए गए।
‘सुशासन की विरासत को आमजन तक पहुंचाना लक्ष्य’
अपने संबोधन में कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के कारण बिहार ने बीते 19 वर्षों में अभूतपूर्व विकास देखा है। चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना या महिला सशक्तिकरण, हर क्षेत्र में बिहार ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। अब जरूरत है कि इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में पार्टी की मीडिया टीम अग्रणी भूमिका निभाए।
सोशल मीडिया पर दिखेगा पार्टी का आक्रामक रुख
बैठक में सोशल मीडिया की भूमिका पर खास जोर दिया गया। चर्चा हुई कि कैसे फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, वाट्सएप जैसे डिजिटल मंचों का अधिकतम और सटीक इस्तेमाल कर पार्टी अपनी बात प्रभावी तरीके से रख सकती है। यह तय किया गया कि सोशल मीडिया पर जदयू की उपस्थिति अब और ज्यादा आक्रामक और सूचनात्मक होगी, ताकि विपक्ष की भ्रामक बातों का तुरंत और प्रभावी जवाब दिया जा सके।
यह भी पढ़ें- Land For Jobs Case:चार घंटे तक ईडी ने लालू परिवार से पूछे सवाल, मीसा बोलीं- बिहार चुनाव के कारण यह हो रहा
‘विपक्ष की राजनीति का होगा तथ्यों से पर्दाफाश’
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के प्रवक्ता हर मंच पर विपक्ष के निराधार आरोपों का जवाब तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर देंगे। कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष की राजनीति सिर्फ भ्रम फैलाने की है, लेकिन जदयू का लक्ष्य है जनता को सच बताना, आंकड़ों और योजनाओं की वास्तविक उपलब्धियों के जरिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में विधान परिषद के उपनेता एवं पार्टी कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. भारती मेहता, प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा, परिमल कुमार और मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.