चिराग पासवान को झटका दे सकते हैं नीतीश कुमार, लोजपा के इकलौते विधायक से की मुलाकात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में कुछ माह पहले हुए विधानसभा चुनाव के बाद से ही नीतीश कुमार और चिराग पासवान की आपस में नहीं बन रही है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद तीसरे नंबर पर जदयू रही थी। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड (जदयू) को कई सीटों पर चिराग पासवान की लोजपा की वजह से भी हार का सामना करना पड़ा था। जदयू इस बार सिर्फ भाजपा की वजह से ही सरकार बनाने में सफल हो पाई थी। तभी से ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश और चिराग पासवान में जंग छिड़ गई है।
लोजपा के विधायक पर नीतीश की नजर
इसी क्रम में अब नीतीश कुमार ने चिराग पासवान से बदला लेने का मन बना लिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के एकमात्र विधायक राजकुमार सिंह पर अब नीतीश कुमार की नजर है। नीतीश कुमार राजकुमार को अपनी पार्टी का हिस्सा बनाना चाहते हैं। दरअसल, नीतीश कुमार के करीबी कहे जाने वाले मंत्री अशोक चौधरी के घर में सोमवार को एक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें नीतीश और राजकुमार दोनों ही पहुंचे थे। तभी से राजनीतिक गलियारों से ऐसी खबरें आ रही थीं कि इस कार्यक्रम में दोनों नेताओं के बीच पार्टी को बदलने की चर्चा हुई होगी।
राजकुमार ने अटकलों से किया इनकार
खबर तो यह भी थी कि लोजपा के विधायक राजकुमार सिंह ने नीतीश कुमार का प्रस्ताव मान लिया है। हालांकि, राजकुमार ने ऐसी खबरों पर रोक लगाते हुए साफ कहा कि वे नीतीश की पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं। वह इस कार्यक्रम में सिर्फ इसलिए आए थे क्योंकि उनके अशोक चौधरी से बहुत पुराने संबंध हैं। अभी दो दिन पहले ही बहुजन समाज पार्टी के विधायक जमा खान जदयू में शामिल हो गए थे।. उन्हीं के साथ निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी।
विधायक बोले, 'बिहार में नीतीश कुमार का है एनडीए'
जब विधायक से पूछा गया कि नीतीश कुमार पर चिराग पासवान लगातार हमला कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि आप उनकी बात मेरे मुंह में मत डालिए। राजकुमार सिंह से पूछा गया कि वह किस एनडीए में हैं नीतीश वाले या चिराग वाले में? उन्होंने जवाब में कहा, 'एनडीए बिहार में अभी नीतीश कुमार का है।' उनके इस बयान से कई तरह के सवाल फिर खड़े हो गए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में राजकुमार सिंह जदयू में शामिल हो सकते हैं और नीतीश कुमार चिराग पासवान को एक बड़ा झटका दे सकते हैं।