Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar: A chilling outcome of friendship in Siwan! A man was lured to a house and shot in the chest

बिहार: सीवान में दोस्ती का खौफनाक अंजाम! घर बुलाकर सीने में मारी गोली, दूसरे लोगों को फंसाने की भी रची साजिश

Fri, 06 Nov 2026 09:20 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान Published by: शबाहत हुसैन Updated Fri, 06 Nov 2026 09:20 PM IST
सार

सीवान के गोरेयाकोठी में अनीश कुमार को उसके दोस्त विराट कुमार ने घर बुलाकर गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद निर्दोष लोगों को फंसाने की साजिश भी रची गई। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

विज्ञापन
Bihar: A chilling outcome of friendship in Siwan! A man was lured to a house and shot in the chest
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार के सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, जिस दोस्त पर भरोसा कर अनीश कुमार उसके घर पहुंचा था, उसी ने उसे गोली मार दी। इतना ही नहीं, घटना के बाद कुछ निर्दोष लोगों को इस मामले में फंसाने की कथित साजिश भी रची गई थी। घायल युवक के दोबारा दर्ज कराए गए बयान के बाद पुलिस के सामने पूरी घटना की अलग कहानी सामने आई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन ने गोरेयाकोठी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।

विज्ञापन

मुस्तफाबाद में हुई थी गोलीबारी
दरअसल, बीते 1 नवंबर को दिन में करीब 11 बजे गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद में गोलीबारी की सूचना पुलिस को मिली थी। भगोता निवासी मनमोहन सिंह ने थानाध्यक्ष को मोबाइल फोन पर सूचना दी थी कि कृष्णा यादव, हरिकिशोर प्रसाद, संतलाल प्रसाद समेत अन्य लोगों ने उन पर गोली चलाई है। इस दौरान उनके भांजे के दोस्त अनीश कुमार को भी गोली लग गई है।

विज्ञापन


सूचना मिलते ही गोरेयाकोठी थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम तत्काल गोरेयाकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां घायल युवक का बयान दर्ज करने का प्रयास किया गया। हालांकि, गोली लगने और गंभीर हालत के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान ले जाया गया। पुलिस टीम वहां भी पहुंची और घायल का बयान लेने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। बाद में अनीश कुमार को एम्स, पटना में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


पढ़ें: 2011 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में लालू प्रसाद को बड़ी राहत, सीवान की अदालत ने दी जमानत

दोबारा बयान में सामने आई अलग कहानी
पुलिस के अनुसार, घायल युवक के परिजनों के पटना पहुंचने के बाद एम्स में उसका फर्द बयान दर्ज किया गया। शुरुआत में युवक काफी डरा-सहमा था और घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच शुरू की।

घायल युवक का दोबारा बयान दर्ज किए जाने पर शुरुआती कहानी से बिल्कुल अलग घटनाक्रम सामने आया। अनीश कुमार ने बताया कि उसका दोस्त विराट कुमार, पिता सर्वेश्वर सिंह, निवासी छितौली, उसे अपने घर लेकर गया था। वहां पहुंचने के बाद उस पर गोली चलाई गई।

आरोप है कि पहली गोली उसके सिर को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन वह झुक गया, जिससे गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद दूसरी गोली उसके सीने में मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

दूसरे लोगों को फंसाने की भी रची गई थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय विराट कुमार के अलावा मनमोहन सिंह भी मौके पर मौजूद थे। घायल अनीश ने अपने बयान में आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह ने उसे निर्देश दिया था कि घटना के संबंध में जिन लोगों के नाम बताए जा रहे हैं, उन्हीं का नाम लेना है और किसी दूसरे व्यक्ति का नाम नहीं बताना है। इस तरह शुरुआती सूचना में जिन लोगों पर गोलीबारी का आरोप लगाया गया था, जांच के दौरान मामला बिल्कुल अलग दिशा में जाता दिखाई दिया। पुलिस ने घायल के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस जांच में इस मामले में विराट कुमार, मनमोहन सिंह और समसूल मंसूरी की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस संबंध में गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या 276/2026 दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह की रही अहम भूमिका
इस मामले के उद्भेदन में गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने घायल युवक के बयान और जांच में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की। इस अभियान में थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी शामिल रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अमन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस की कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस के इस खुलासे के बाद गोलीकांड ने नया मोड़ ले लिया है। जिस घटना को शुरुआत में कुछ अन्य लोगों के साथ हुए विवाद और गोलीबारी के रूप में पेश किया गया था, जांच में उसके पीछे अलग ही कहानी सामने आई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed