Bihar: बांकीपुर चुनाव में प्रशांत किशोर-नीरज का नामांकन, पर्चा दाखिल करते ही वीणा गिरफ्तार; किन्नर भी उतरीं
Bankipur Vidhan Sabha : बांकीपुर विधानसभा के लिए आज खास दिन खास रहा। आखिरी दिन तीन प्रमुख प्रत्याशियों- भाजपा के नीरज सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और तेज प्रताप यादव की पार्टी से वीणा मानवी ने नामांकन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांकीपुर विधानसभा में हो रहे उप चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। आज तीन प्रमुख प्रत्याशियों का नामांकन हुआ, जिसके कारण समाहरणालय में भारी गहमागहमी रही। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रत्याशी नीरज सिन्हा, जन सुराज पार्टी के संरक्षक प्रशांत किशोर और जनशक्ति जनता दल की वीणा मानवी ने नामांकन किया। इनमें वीणा मानवी को नामांकन के तत्काल बाद गिरफ्तार किए जाने से अलग तरह का माहौल बन गया। इससे पहले प्रशांत किशोर और नीरज सिन्हा भारी संख्या में समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट तक पहुंचे।
कलेक्ट्रेट तक पहुंचने के पहले इनके साथ बाइक और गाड़ियों का बड़ा काफिला था। समर्थकों की भीड़, जुलूस और शक्ति प्रदर्शन के बीच आज बांकीपुर की राजनीति का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया। उप चुनाव में नामांकन के इच्छुक लोगों ने कुल 44 नॉमिनेशन रसीद कटा रखे थे। तीन बजे तक नामांकन होना था। अब तक एक किन्नर समेत 15 का आज नामांकन हो चुका है। बाकी जो तीन बजे कांउटर के पास पहुंच गए, वह कतार में हैं।
पढ़ें यह खबर भी- पार्टी प्रत्याशी वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर क्या बोले तेज प्रताप?
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले जन सुराज के संस्थापक एवं प्रत्याशी प्रशांत किशोर सोमवार सुबह सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। धार्मिक दर्शन के बाद वह पटना के लिए रवाना हुए। प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत और हार का फैसला पूरी तरह जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि अगर जीत-हार हमारे हाथ में होती तो पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज को हार का सामना नहीं करना पड़ता। हमारा काम ईमानदारी से जनता के सामने एक विकल्प रखना है। अब यह जनता तय करेगी कि वह हमें चुनती है या किसी अन्य दल के उम्मीदवार को।
भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा का काफिला डाकबंगला चौराहा, एस. पी. वर्मा रोड, बिस्कोमान, डीएम आवास, कारगिल चौक होकर गांधी मैदान से घूमते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां नामांकन के पहले और बाद भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि भाजपा अपने काम की बदौलत 31 साल से यहां जनता की आंखों का तारा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने अपने विधायक को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते देखा है और अब उनके सामने एक कार्यकर्ता आगे बढ़ाया जा रहा है। नीरज के नामांकन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सहित एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।