पटना: इन दो केंद्रों पर होगा 24 घंटे सातों दिन टीकाकरण, स्लॉट बुकिंग से मिलेगी राहत
पटना में दो टीकाकरण केंद्र ऐसे बनाए गए हैं जहां सातों दिन चौबीसों घंटे टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। कोरोना के खिलाफ जंग में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार की राजधानी पटना में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण को और विस्तृत करने के लिए सातों दिन चौबीसों घंटे टीका लगाने की सुविधा देने का फैसला किया गया है। इसके तहत दो टीकाकरण केंद्रों को चिह्नित किया गया है। शुरुआत में इन दो केंद्रों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा।
जिन केंद्रों पर चौबीसों घंटे सातों दिन टीकाकरण की व्यवस्था की जा रही है उनमें पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थित केंद्र और होटल पाटलिपुत्र स्थित केंद्र शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इन दोनों केंद्रों का दौरा किया है और हर वक्त सुविधा सुनिश्चित बनाए रखने का निर्देश दिया है। इस काम के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
इन दोनों केंद्रों पर टीका लगवाने के पात्र सभी लोगों का टीकाकरण करने की व्यवस्था की गई है। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए सुबह नौ से शाम पांच बजे कर प्री रजिस्ट्रेशन का प्रावधान किया है। वहीं, शाम पांच बजे से अगले दिन सुबह नौ बजे तक ऑन दि स्पॉट पंजीकरण और टीकाकरण की सुविधा देने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा 45 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के लिए केंद्र पर ही पंजीकरण और टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। दोनों ही केंद्रों पर कोरोना वायरस रोधी टीके की पहली और दूसरी, दोनों खुराकें लगवाई जा सकेंगी। उल्लेखनीय है कि बिहार में शहर स्तर पर कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में पटना पहले स्थान पर है।
बिहार में मंगलवार से लॉकडाउन खत्म, रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा
बिहार सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर पांच मई से जारी लॉकडाउन को खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘लॉकडाउन से कोरोना वायरस संक्रमण में कमी आई है। अतः लॉकडाउन खत्म करते हुये शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा। 50 फीसदी उपस्थिति के साथ सरकारी और निजी कार्यालय अपराह्न चार बजे तक खुलेंगे। दुकानें खुलने की अवधि शाम पांच बजे तक बढ़ेगी।' सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, क्लब, स्विमिंग पूल, स्टेडियम, जिम, पार्क व उद्यान पूरी तरह बंद रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘ऑनलाइन शिक्षण कार्य किए जा सकेंगे। निजी वाहनों को चलने की अनुमति रहेगी। यह व्यवस्था अगले एक सप्ताह तक रहेगी। अभी भी भीड़-भाड़ से बचने की आवश्यकता है।' राज्य के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की ओर से मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, ट्रेनिंग एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इस अवधि में राज्य सरकार के विद्यालयों व विश्वविद्यालयों द्वारा किसी भी तरह की परीक्षाएं नही ली जाएंगी। ऑनलाइन शिक्षण की व्यवस्था की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक स्थल आमजनों के लिए बंद रहेंगे। सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अथवा समारोह प्रतिबंधित होंगे। विवाह समारोह अधिकतम 20 व्यक्तियों की उपस्थिति के साथ ही आयोजित॑ किए जा सकेंगे, लेकिन इनमें डीजे व बारात निकालने की इजाजत नहीं होगी। हालांकि, विवाह कार्यक्रम की सूचना स्थानीय थाने को कम से कम तीन दिन पहले देनी होगी। इसके अलावा अब अंतिम संस्कार और श्राद्ध कार्यक्रम में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे।