गैंगरेप पर पंचायत का ये कैसा फैसला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में पंचायत के एक तुगलकी फरमान ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। गांव की एक युवती से कुछ दरिंदों ने दो दिन तक गैंग रेप किया और फिर पीड़िता को गांव के ही पास बदहवाश हालत में छोड़ दिया। जब पीड़िता थाने पहुंची तो आरोपियों के रसूख तले दबी पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाए पंचायत के पास जाने को कहा।
पंचायत ने आरोपियों को पीड़िता के पिता को पैसे देने का फरमान सुनाया, और पीड़िता को गैंग रेप भूल जाने की सलाह दी। जब मामले की छानबीन मीडिया ने की तो तब जाकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की, लेकिन अभी तक गैंग रेप के किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पुलिस ने पंचायत के पास जाने की दी सलाह
मामला बिहार के नवादा राजौली थाना के अतंर्गत एक गांव का है। राजौली थाना पुलिस के मुताबिक बीते चार फरवरी की शाम को पीड़िता घर से बाहर शौच के लिए निकली। इस दौरान कुछ दरिंदों ने युवती को अगवा कर लिया। दरिंदों ने युवती के साथ दो दिनों तक गैंग रेप किया और कई प्रकार की यातनाएं भी दी। छह फरवरी को आरोपियों ने पीड़िता को गांव के ही पास बदहवाश हालत में छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़िता और परिजन थाने पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान लिए लेकिन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बताया गया कि आरोपी गांव के किसी रसूख परिवार से ताल्लुक रखते हैं, और पुलिस के साथ मिली भगत के चलते आरोपियों ने उनके खिलाफ दी गई शिकायत को वापस लेने का दबाव बनाया। पुलिस ने भी मामले से किनारा करते हुए पीड़िता को पंचायत के पास जाने की नसीहत दे डाली।
अब मामला दर्ज लेकिन गिरफ्तारी नहीं
जब इस मामले पर गांव में पंचायत बैठी तो पंचायत के फरमान ने इंसानियत को ही शर्मसार कर दिया। पंचायत ने आरोपियों को पीड़िता के पिता को 31 हजार दे कर गैंग रेप भूल जाने का फैसला सुनाया। और आरोपियों को कहा गया कि दुबारा इस तरह की हरकत न करें।
आरोपियों की दबंगई यहां भी चली उन्होंने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया। स्थानीय मीडिया ने जब मामले की छानबीन की तो दबाव में आकर 13 फरवरी को आरोपियों के खिलाफ राजौली थाने में प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज की गई। लेकिन अभी तक गैंग रेप के किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।