Bihar: वार्ड पार्षद पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप, ग्रामीणों ने किया अंचल कार्यालय व नगर परिषद का घेराव
Vaishali News: वैशाली में आक्रोशित ग्रामीणों ने लालगंज अंचल कार्यालय और नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरोपी वार्ड पार्षद के खिलाफ जमकर नारे लगाए। जानें पूरा मामला...।
विस्तार
वैशाली जिले में आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को लालगंज अंचल कार्यालय और नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया। जहां अंचल कार्यालय में लालगंज अंचलाधिकारी मुर्दाबाद और नगर परिषद में लालगंज नगर सभापति मुर्दाबाद, उप सभापति मुर्दाबाद तथा वार्ड पार्षद भोला शंकर पासवान मुर्दाबाद जैसे नारा लगाए।
दरअसल, लालगंज नगर क्षेत्र के पार्षद भोला शंकर पासवान द्वारा शहरी क्षेत्र के वार्ड 10 में लगभग साढ़े 12 कट्ठा सरकारी जमीन पर अपने परिवार के साथ मिलकर अतिक्रमण करने का मामला सामने आया था। इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने वैशाली डीएम, लालगंज अंचलाधिकारी, लालगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और लालगंज थाना को लिखित आवेदन दिया था।
उसमें उन्होंने उक्त मामले में जांच कर उक्त जगह को अतिक्रमण मुक्त कराने का आग्रह किया था। लेकिन आवेदन देने के कई दिन बाद तक किसी भी पदाधिकारी द्वारा कोई जांच-पड़ताल नहीं की गई। वहीं, भोला शंकर पासवान द्वारा उक्त जगह पर लगातार निर्माण किया जा रहा है और ग्रामीणों को कई तरीके से धमकी दी जा रही है।
इधर, लोगों के आक्रोश को देखते हुए लालगंज नगर परिषद् सभापति कंचन कुमार साह ने अपने कक्ष से निकलकर विरोध कर रहे लोगों से बात कर उनकी समस्या को जाना। उसके बाद सभापति ने उक्त आक्रोशित लोगों के साथ लालगंज थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार से उक्त मामले में जांच-पड़ताल का आग्रह किया। जहां लालगंज थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त स्थल पर जांच करने के लिए पुलिस पदाधिकारी को भेजते हुए आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया है।