Bihar Election: 'विधायक ने लोगों को लूटा, अब जनता सिखाएगी सबक', राघोपुर में तेज प्रताप का तेजस्वी यादव पर वार
Bihar Election: तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राघोपुर के मौजूदा विधायक ने कोई काम नहीं किया, बल्कि लोगों को भरमाने और लूटने का काम किया है।
विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर वैशाली जिले में नेताओं ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। जिले की आठ सीटों में सबसे अधिक चर्चित महुआ और राघोपुर सीटों पर लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं। बीते दिन महुआ में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव के खिलाफ राजद उम्मीदवार मुकेश रौशन के समर्थन में सभा की।
तेजस्वी ने जनसभा में कहा कि पार्टी सबसे बड़ी होती है। इसलिए किसी भ्रम में न रहें, पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को ही समर्थन दें। वहीं, इसके जवाब में तेज प्रताप यादव ने रविवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के चकसिकंदर में अपने समर्थित उम्मीदवार प्रेम कुमार के पक्ष में चुनावी सभा की। उन्होंने कहा कि पार्टी नहीं, जनता सबसे बड़ी होती है। जनता जनार्दन ही सबकुछ है वही पार्टी बनाती है, वही सरकार चलाती है।
पढ़ें: ओसामा यानी शेर सिंह, इस बार दहाड़ेंगे’, सीवान के हुसैनगंज में अखिलेश की जनसभा; भाजपा पर बरसे
तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राघोपुर के मौजूदा विधायक ने कोई काम नहीं किया, बल्कि लोगों को भरमाने और लूटने का काम किया है।उन्होंने तेजस्वी की शिक्षा पर तंज कसते हुए कहा कि हमारा उम्मीदवार पढ़ा-लिखा है और लंबा-चौड़ा वादा नहीं करता, बल्कि जो कहता है, उसे निभाता है। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि कुछ जयचंदो” ने उन्हें पार्टी से बाहर करवाया, क्योंकि उन्हें लगने लगा था कि बिहार में दूसरा लालू यादव पैदा हो गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बहरूपियों के झांसे में मत पड़िए, नहीं तो अगले पांच साल पछताना पड़ेगा। सभा के दौरान तेज प्रताप यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर उनके समर्थित उम्मीदवार की जीत होती है, तो राघोपुर में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा, ताकि लोगों को इलाज के लिए पटना नहीं जाना पड़े।