{"_id":"68842a87b9da897904014146","slug":"vaishali-bihar-news-attack-on-prohibition-excise-department-bihar-team-2025-07-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News : मद्य निषेध की टीम पर हमला, किसी तरह बची जान; शराब पीते पकड़े लोगों को छुड़ा ले गए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News : मद्य निषेध की टीम पर हमला, किसी तरह बची जान; शराब पीते पकड़े लोगों को छुड़ा ले गए
Sat, 26 Jul 2025 06:38 AM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाजीपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाजीपुर
Published by: आदित्य आनंद
Updated Sat, 26 Jul 2025 06:38 AM IST
सार
Liquor Ban in Bihar : शराब कारोबारी से लेकर शराब पीने वाले तक का मनोबल बढ़ा हुआ है। सरेआम शराब पी रहे दो लोगों को मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने पकड़ा तो उन्हें छुड़ाने के लिए वैशाली में जानलेवा हमला कर दिया गया।
विज्ञापन
हमले में तहसनहस हुई गाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के महनार स्टेशन रोड स्थित पहाड़पुर में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला हुआ है। शराब पीते लोगों को गिरफ्तार करने के दौरान ग्रामीणों ने टीम पर पथराव कर दिया, जिससे उत्पाद विभाग का वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायल पुलिसकर्मी और चालक को इलाज के लिए महनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायल चालक की पहचान चंदन कुमार और सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन
इस हमले में ड्राइवर, होमगार्ड जवान और उत्पाद निरीक्षक कुमारी पल्लवी घायल हो गई हैं। घायल होमगार्ड जवान देवनाथ सिंह ने बताया कि वे गांव में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा और दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद गांव के लोग एकत्र हो गए और उत्पाद विभाग की टीम को घेर लिया। ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। देवनाथ सिंह ने बताया कि उनके हाथ में गंभीर चोट आई है।
विज्ञापन
हमलावरों ने दो ड्राइवरों को भी पीटा और वाहन पर पथराव किया। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। उत्पाद विभाग की टीम पर हमला करने वालों की पहचान भी पुलिस द्वारा की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन
कुमारी पल्लवी ने बताया कि शराब पीने की सूचना पर वे लोग छापेमारी करने पहुंचे थे और दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हुए हैं। ड्राइवर और जवान दोनों घायलों में शामिल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों को स्थानीय लोगों द्वारा छुड़ा लिया गया है।