बिहार: मुजफ्फरपुर में ट्रेन से कटकर महिला की मौत, बागमती नदी पर रेलवे लाइन के नीचे मिला शव
मुजफ्फरपुर के औराई स्थित बेनीपुर में रविवार को बागमती नदी पर रेलवे लाइन के नीचे महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। ट्रेन से कटकर मौत की आशंका है। करीब 35 वर्षीय महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड पर औराई के बेनीपुर के पास रविवार को ट्रेन से कटकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला का शव बागमती नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, खेत की ओर जाने के दौरान उन्होंने रेलवे लाइन के नीचे महिला का शव देखा। शव का एक हिस्सा नीचे गिरा हुआ था, जबकि कपड़े का कुछ हिस्सा ऊपर था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला की ट्रेन से गिरकर मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि महिला आसपास के इलाके की रहने वाली नहीं लग रही है।
पढ़ें: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?
घटना की सूचना मिलने पर औराई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है। औराई थाना पुलिस के अनुसार, महिला का शव दो हिस्सों में कटा हुआ और क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में तस्वीर भेजी जा रही है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही मृतका की पहचान करने में जुटी हुई है।